Sunday, March 29, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

रेलकर्मियों का हल्ला बोल: जंतर-मंतर में चल रहे धरने के समर्थन में धनबाद में प्रदर्शन, केंद्र सरकार को चेताया

रेलकर्मियों का हल्ला बोल: जंतर-मंतर में चल रहे धरने के समर्थन में धनबाद में प्रदर्शन, केंद्र सरकार को चेताया

Dhanbad ALRSA Protest, धनबाद (बेंक्टेश शर्मा): धनबाद के गोमो में ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन (ALRSA) के बैनर तले शुक्रवार को लोको रनिंग कर्मियों ने धरना दिया और केंद्र सरकार व रेल प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी जताई. यह विरोध दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे राष्ट्रीय धरने के समर्थन में आयोजित किया गया.

देशव्यापी आंदोलन को मिला स्थानीय समर्थन

पूर्व मध्य रेल के विभिन्न डिपो में आयोजित इस धरने में बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर एकजुटता दिखाई और केंद्र सरकार से इनके शीघ्र समाधान की मांग की.

भत्तों में विसंगति पर जताई नाराजगी

धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि महंगाई भत्ता 50 प्रतिशत से अधिक होने के बावजूद अन्य भत्तों में 25 प्रतिशत की वृद्धि की गई, जबकि किलोमीटर भत्ता केवल 14.33 प्रतिशत ही बढ़ाया गया है. कर्मचारियों ने इसे सरासर अन्याय बताया और स्पष्ट किया कि इस स्थिति को स्वीकार नहीं किया जाएगा. साथ ही, किलोमीटर भत्ते के 70 प्रतिशत हिस्से पर पूर्व की तरह आयकर छूट बहाल करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई.

कार्य परिस्थितियों पर उठे सवाल

कर्मचारियों ने छुट्टियों पर बार-बार लगने वाले प्रतिबंध को एक गंभीर मुद्दा बताया. उनका कहना था कि इससे पारिवारिक जिम्मेदारियां निभाना नामुमकिन होता जा रहा है. इसके अलावा, केवल अस्पताल में भर्ती (इनडोर) मरीजों को ही बीमारी की छुट्टी (Sick Leave) देने की व्यवस्था को भी अव्यावहारिक बताया गया.

Also Read: Lohardaga: रामनवमी पर निकली भव्य शोभायात्रा, उमड़ा राम भक्तों का जनसैलाब

तबादलों और सुरक्षा को लेकर चिंता

वक्ताओं ने हाल के तबादलों को मनमाना और अमानवीय करार दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि धनबाद रेल मंडल ‘नंबर वन’ बनने की होड़ में कर्मचारियों पर अत्यधिक मानसिक दबाव बना रहा है, जिससे रेल दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है.

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा. इस मौके पर मंडल सचिव आरआर प्रजापति, परमानंद कुमार, विजय कुमार समेत कई यूनियन नेता उपस्थित थे.

Also Read: पश्चिमी सिंहभूम के नोआमुंडी जंगल में भीषण आग: दो पेट्रोल पंपों के करीब थीं लपटें, बड़ा हादसा टला

The post रेलकर्मियों का हल्ला बोल: जंतर-मंतर में चल रहे धरने के समर्थन में धनबाद में प्रदर्शन, केंद्र सरकार को चेताया appeared first on Prabhat Khabar.

Spread the love

Popular Articles