![]()
भास्कर न्यूज|लोहरदगा लोहरदगा, एमजी रोड स्थित झखरा कुम्बा में केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष रघु उरांव की अध्यक्षता में आगामी सरहुल पूजा व शहर के मुख्य मार्ग से गुजरने वाली शोभायात्रा को लेकर एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरहुल पूजा और भव्य शोभायात्रा की तैयारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में समिति के पदाधिकारी, समाज के बुद्धिजीवी और विभिन्न आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए और सभी लोग कार्यक्रम की तैयारी में जुटने का संकल्प लिया। केंद्रीय सरना समिति के मुख्य संरक्षक मणि उरांव ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 21 मार्च 2026 शनिवार को दोपहर 12 बजे एमजी रोड स्थित झखरा कुम्बा में सरहुल पूजा और फूलखोसी का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा एमजी रोड, नगर पालिका, भट्ठी ढलान, थाना चौक, शास्त्री चौक, गुदरी बाजार, राणा चौक, मिशन चौक, बरवाटोली चौक, गोपो ढलान, पावरगंज चौक होते हुए मैना बगीचा पहुंचकर संपन्न होगी। वहीं दूसरी शोभायात्रा कचहरी मोड़ से चलकर ब्लॉक मोड़, सैडिंग होते हुए पावरगंज चौक पहुंचेगी। दोनों शोभायात्राएं मिलकर मैना बगीचा पहुंचेंगी, जहां कार्यक्रम का समापन होगा। समिति की ओर से बताया गया कि शोभायात्रा में गुलाल-अबीर, नशा-पान आदि पूरी तरह वर्जित रहेगा। सभी खोंडहा दलों से अपील की गई है कि वे अपने पारंपरिक वाद्य यंत्र, रीति-रिवाज और पारंपरिक वेशभूषा के साथ शोभायात्रा में शामिल हों। मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति व पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री चमरा लिंडा होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में सांसद सुखदेव भगत, विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, पूर्व सांसद सुदर्शन भगत, उपायुक्त डॉ. ताराचंद, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव, डीडीसी दिलीप प्रसाद सिंह शेखावत शामिल होंगे।
लोहरदगा में 21 मार्च को भव्य सरहुल शोभायात्रा निकलेगी, तैयारी को लेकर बैठक आयोजित
Date:




