
मुख्य बातें
Bengal Election: कोलकाता. राज्य विधानसभा चुनाव को देखते हुए वाममोर्चा ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया. अलीमुद्दीन स्ट्रीट स्थित पार्टी कार्यालय से जारी इस मैनिफेस्टो में कुल 22 वादे किये गये हैं, जिनमें कई लोकलुभावन घोषणाएं शामिल हैं. तृणमूल कांग्रेस जहां लक्खी भंडार और युवा साथी जैसी योजनाओं के सहारे चुनावी मैदान में उतर रही है, वहीं वाममोर्चा ने भी अपने घोषणा पत्र के जरिये आम लोगों, युवाओं और महिलाओं को आकर्षित करने की कोशिश की है.
महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘अभया वाहिनी’
वाममोर्चा ने घोषणा की है कि यदि राज्य में उनकी सरकार बनती है, तो कम आय वाले परिवारों को हर महीने 100 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जायेगी. इसके अलावा 200 यूनिट तक बिजली आधी कीमत पर उपलब्ध करायी जायेगी. घोषणा पत्र में महिलाओं की सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया है. आरजी कर अस्पताल की घटना का उल्लेख करते हुए महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘अभया वाहिनी’ नाम से विशेष बल बनाने का वादा किया गया है. युवाओं के लिए भी कई घोषणाएं की गयी हैं. बताया गया है कि युवाओं को सोशल सर्विस और उत्पादक कार्यों से जोड़ कर उन्हें भत्ता दिया जायेगा.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पांच वर्षों के भीतर सभी पद भरने का वादा
सभी सरकारी कार्यालयों में खाली पड़े पदों को अगले पांच वर्षों के भीतर भरने और हर परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने का वादा किया गया है. इसके अलावा एसएससी और पीएससी परीक्षाएं हर साल पारदर्शिता के साथ आयोजित कराने की बात भी घोषणा पत्र में कही गयी है. बुजुर्गों के लिए विशेष हेल्थ केयर स्कीम शुरू करने और वृद्धों को 6000 रुपये की पेंशन देने का भी वादा किया गया है. वाममोर्चा ने यह भी स्पष्ट किया है कि वर्तमान में चल रहीं योजनाएं जैसे लक्खी भंडार और युवा साथी को बंद नहीं किया जायेगा. महिलाओं और युवाओं को मिल रहे भत्ते को जारी रखने का आश्वासन भी घोषणा पत्र में दिया गया है.
Also Read: पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन पर प्रतिबंध, नियमों का उल्लंघन करने पर होगी गिरफ्तारी
The post वाममोर्चा के घोषणा पत्र में मुफ्त बिजली का वादा, महिलाओं और युवाओं के लिए भी बहुत कुछ appeared first on Prabhat Khabar.

