वार्डों में मना जश्न, प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ निकाला जुलूस, खूब लगाए रंग और गुलाल

Date:


भास्कर टीम | सिमडेगा सिमडेगा नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव परिणाम को लेकर शाम में सस्पेंस तब बढ़ गया जब झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) समर्थित उम्मीदवार अनिल तिर्की ने मतों की पुनर्मतगणना की मांग कर दी। निर्वाची पदाधिकारी ने उनकी मांग स्वीकार कर ली है और फिर से काउंटिंग हो रही है। डीसी कंचन सिंह ने फिर से मतगणना की सूचना की पुष्टि की है।रात करीब आठ बजे गणना शुरू हुई है। अध्यक्ष पद के 1508 रिजेक्ट मतों को भी पुनः चेक किया गया है। लगभग 21000 मतों को फिर से गिना जाएगा। इसमें कई घंटे समय लग सकता है। जानकारी के मुताबिक गणना लगातार चलेगी। इधर अनिल तिर्की ने कहा कि मतगणना के दौरान कुछ बिंदुओं को लेकर संदेह उत्पन्न हुआ था, जिसके आधार पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पुनः मतों की गिनती कराने का अनुरोध किया। अनिल तिर्की ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से उन्होंने आधिकारिक रूप से पुनर्मतगणना की मांग रखी। अधिकारियों ने उनकी मांग को स्वीकार कर लिया। इधर, जिला प्रशासन की ओर से कहा गया है कि पूरी प्रक्रिया नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की शंका की गुंजाइश न रहे। पुनर्मतगणना की प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत संबंधित प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कराई जाएगी। नए घटनाक्रम के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें पुनर्मतगणना के परिणाम पर टिकी हैं, जिससे अध्यक्ष पद की अंतिम स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। दूसरी ओर नगर परिषद के सभी 20 वार्ड के पार्षद का चुनाव परिणाम शुक्रवार की शाम तक आ गया। इस बार का चुनाव बेहद रोचक रहा और जिन वार्ड के परिणाम पर लोगों की नजर थी। जैसी कि उम्मीद की जा रही थी वार्ड तीन में गोरेती सोरेंग लगातार चौथी बार चुनाव जीत गईं। वार्ड 8 से कुलदीप किंडो और वार्ड 9 से राकेश लकडा को दूसरी बार पार्षद बनने का मौका वोटरों ने दिया है। वार्ड 7 में पूर्व पार्षद रामजी यादव की पत्नी बैजंती देवी विजेता बनीं। दूसरी बार प्रयास कर रहे मनोज अग्रवाल खट्टू भाई ने वार्ड तेरह में जीत की पताका लहराई। वार्ड 12 के चुनाव पर लोगों की नजर ज्यादा थी। यहां से चुनाव लड़ रहे चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव सह पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष ओम प्रकाश अग्रवाल के पुत्र दीपक अग्रवाल रिंकू ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सह पूर्व पार्षद को 85 वोट से पराजित कर दिया। दीपक अग्रवाल उपाध्यक्ष पद के भी दावेदार हैं। अपने वार्ड क्षेत्र के आरक्षित रहने पर वार्ड 17 से चुनाव लड़े चंदन डे ने जीत का परचम लहरा कर लगातार नगर क्षेत्र में की गई मेहनत को सार्थक साबित कर दिया। चंदन भी उपाध्यक्ष के प्रबल उम्मीदवार हो सकते हैं। वार्ड 20 का परिणाम दिलचस्प रहा। यहां मो वसीम उर्फ हीरू ने निवर्तमान पार्षद कासिम को हराकर लोगों को चौंका दिया। वार्ड 10 से विजय राम की जीत भी चर्चा में रही। अन्य वार्ड क्षेत्रों में भी मुकाबला कड़ा रहा जहां जीत के प्रबल दावेदार माने जा रहे तथा शुरूआती रुझान में आगे चल रहे उम्मीदवार चुनाव हार गए। नगर निकाय चुनाव के नतीजों में वार्डवार मुकाबले बेहद रोचक रहे। कहीं एक-एक वोट से जीत-हार का फैसला हुआ तो कहीं सैकड़ों मतों के भारी अंतर से प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। वार्ड नंबर 1 में जोसेफा लकड़ा ने प्रतिमा देवी को मात्र एक वोट से हराकर सबसे करीबी जीत हासिल की। जोसेफा को 201 जबकि प्रतिमा देवी को 200 मत मिले। वार्ड नंबर 2 में ज्योति मानकी ने शोभेन तिग्गा को 175 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। ज्योति को 342 और शोभेन को 167 वोट मिले। वार्ड नंबर 3 में गोरेती सोरेंग ने रोजलिन कड़ुवा पर 415 मतों की निर्णायक बढ़त बनाई। गोरेती को 716 जबकि रोजलिन को 301 मत प्राप्त हुए। वार्ड नंबर 4 में रिसमला देवी ने सुनीता केरकेट्टा को 145 मतों से हराया। रिसमला को 410 और सुनीता को 265 वोट मिले। वार्ड नंबर 5 में कमला कुमारी ने अनिल तिर्की को 229 मतों के अंतर से पराजित किया। कमला को 610 और अनिल को 381 वोट मिले। वार्ड नंबर 6 में सुनिता देवी ने रीना देवी पर 219 मतों की बढ़त के साथ जीत दर्ज की। सुनिता को 360 और रीना को 141 मत मिले। वार्ड नंबर 7 में वैजन्ति देवी ने सुनिता देवी को 451 मतों के भारी अंतर से हराया। वैजन्ति को 643 और सुनिता को 192 वोट प्राप्त हुए। वार्ड नंबर 8 में कुलदीप किण्डो ने अनूप प्रसाद को 143 मतों से पराजित किया। कुलदीप को 317 और अनूप को 174 मत मिले। वार्ड नंबर 9 में राकेश लकड़ा ने पवन एक्का को 92 मतों से हराया। राकेश को 286 और पवन को 194 वोट मिले। वार्ड नंबर 10 में मुकाबला बेहद कांटे का रहा, जहां विजय राम ने प्रमोद नायक को मात्र छह मतों से हराया। विजय को 249 और प्रमोद को 243 मत मिले। वार्ड नंबर 11 में फ्रांसिस जेवियर खलखो ने लूकस खेस को 33 मतों के अंतर से पराजित किया। फ्रांसिस को 274 और लूकस को 214 वोट मिले। वार्ड नंबर 12 में दीपक कुमार अग्रवाल ने रविकांत साहु को 63 मतों से हराया। दीपक को 363 और रविकांत को 300 मत मिले। वार्ड नंबर 13 में मनोज कुमार अग्रवाल ने विमल जैन पर 37 मतों की बढ़त बनाई। मनोज को 263 और विमल को 226 वोट मिले। वार्ड नंबर 14 में सबसे रोचक मुकाबला देखने को मिला, जहां राजन गुलशन लकड़ा ने भूषण लकड़ा को महज तीन मतों से हराकर जीत दर्ज की। राजन को 445 और भूषण को 442 मत मिले। वार्ड नंबर 15 में इशमत जहाँ ने जहाँ आरा को 235 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। इशमत को 799 और जहाँ आरा को 564 वोट मिले। वार्ड नंबर 16 में अगुस्ता कुल्लू ने शीतल कच्छप को 59 मतों से हराया। अगुस्ता को 307 और शीतल को 248 मत मिले। वार्ड नंबर 17 में चंदन कुमार डे ने प्रतिमा देवी को 124 मतों के अंतर से पराजित किया। चंदन को 455 और प्रतिमा को 331 वोट मिले। वार्ड नंबर 18 में रोसा केरकेट्टा ने सारिका खातून को 98 मतों से हराया। रोसा को 412 और सारिका को 314 मत मिले। वार्ड नंबर 19 में आईशा खातून ने सब्बि प्रवीण को 13 मतों के अंतर से पराजित किया। आईशा को 357 और सब्बि को 344 वोट मिले। वहीं वार्ड नंबर 20 में मोहम्मद वसीम ने कासिम रज्जा को 199 मतों के बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की। वसीम को 595 और कासिम को 396 मत प्राप्त हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

Join Us WhatsApp