Wednesday, April 1, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

विधानसभा चुनाव . चन्द्रकोना और गड़बेता में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सभा में भाजपा पर साधा निशाना


भास्कर न्यूज | खड़गपुर राज्य की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने पश्चिम मेदिनीपुर जिले के चन्द्रकोना और गड़बेता में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया और भाजपा पर राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने बताया कि लक्खी भंडार योजना में किसी धर्म, जाति या वर्ग के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जाता। चन्द्रकोना और गड़बेता के तृणमूल उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित सभा में ममता ने बताया कि जिन महिलाओं ने आवेदन करने के बावजूद अभी तक लक्खी भंडार योजना का लाभ नहीं पाया है, उन्हें भी जल्द इसका लाभ मिलेगा। राज्य की माताओं और बहनों को जीवन भर इस योजना का लाभ मिलता रहेगा। इस योजना में धर्म, वर्ण या जाति का कोई भेदभाव नहीं है। मुख्यमंत्री ने आलू किसानों की समस्याओं का भी जिक्र करते हुए बताया कि राज्य सरकार उनकी चिंताओं से अवगत है। उन्होंने बताया कि जिस तरह किसानों के लिए फसल बीमा की व्यवस्था है, उसी तरह आलू उत्पादकों के लिए भी बीमा की व्यवस्था की गई है। यदि किसी किसान की फसल को नुकसान होता है तो उसे मुआवजा दिया जाएगा। ममता बनर्जी ने चन्द्रकोना और गड़बेता विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सौर ऊर्जा परियोजनाएं, सड़क और पुल निर्माण जैसे कई विकास कार्य किए गए हैं। इसके अलावा जल स्वप्न परियोजना के तहत 35 कार्य पूरे किए गए हैं और बस टर्मिनस के निर्माण का भी जिक्र किया। उन्होंने लालगढ़ क्षेत्र के पुराने हिंसक दौर को याद करते हुए बताया कि एक समय यह क्षेत्र हिंसा से प्रभावित था और लोगों में भय का माहौल था, लेकिन अब स्थिति में काफी सुधार हुआ है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बताया कि विपक्ष चाहे जितनी रणनीति बना ले, चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की जीत तय है। ममता ने दावा किया कि राज्य में विकास के अनेक कार्य हुए हैं और जनता उसका जवाब मतदान के जरिए देगी। उन्होंने बताया कि बंगाल में 105 कल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं, जिनमें से कई अन्य राज्यों में नहीं हैं।

Spread the love

Popular Articles