
करौं. प्रखंड क्षेत्र के बसकुपी स्थित सिदो कान्हू मोड़ के निकट आकलन, प्रशिक्षित सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा के तत्वावधान में बैठक आयोजित की गयी, जिसकी अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष किशोर कुमार यादव एवं महासचिव धीरेंद्र राय ने की. बैठक का मुख्य उद्देश्य आकलन पास सहायक अध्यापकों को टेट के समतुल्य दर्जा देने, समान काम के बदले समान वेतन लागू करने सहित विभिन्न मांगों पर विचार करना रहा. इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष किशोर कुमार यादव ने कहा कि पूर्व में हुए लिखित समझौते में आकलन को टेट के समकक्ष मानने पर नियमसंगत विचार करने की सहमति बनी थी, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए है. उन्होंने बताया कि झारखंड में 42 हजार आकलन पास सहायक अध्यापक कार्यरत हैं. आकलन परीक्षा विभागीय परीक्षा है, जिसका आयोजन जैक द्वारा किया गया और परिणाम भी जारी किया गया. वक्ताओं ने बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां दक्षता परीक्षा को टेट के समकक्ष मानते हुए सभी सुविधाएं दी जा रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि समान कार्य के बावजूद समान वेतन नहीं देकर सरकार मौलिक अधिकारों का हनन कर रही है. उच्चतम न्यायालय के निर्णय का हवाला देते हुए स्थायीकरण की मांग भी उठाई गयी. बैठक में निर्णय लिया गया कि 18 अप्रैल को मुख्यमंत्री आवास का घेराव, धरना और आमरण अनशन किया जाएगा. वक्ताओं ने सभी सहायक अध्यापकों से आंदोलन को सफल बनाने की अपील की. मौके पर धीरेन्द्र कुमार राय, कादिर अंसारी, अनिल रवानी, रामदेव यादव, रुस्तम अंसारी, भीम टुडू, राजेश्वर हेंब्रम, गोपाल मंडल , आरिफ अंसारी, अनिल रवानी, हारून अंसारी, त्रिपुरारी पाण्डेय, तारकेश्वर राउत, भुवन कुमार मंडल, सुनील मिर्धा, रामेंद्र यादव, गोबिंद सोरेन सहित दर्जनों सहायक अध्यापक मौजूद थे.
The post विभिन्न मांगों को लेकर सहायक अध्यापक करेंगे 18 अप्रैल को मुख्यमंत्री आवास का घेराव appeared first on Prabhat Khabar.


