![]()
भास्कर न्यूज|गुमला गुमला थाना क्षेत्र के केसीपारा गांव में शुक्रवार की सुबह उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब तीन दिनों से लापता आठ वर्षीय बालक प्रीतम गोप का शव गांव के ही एक कुएं से बरामद किया गया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव के हर घर में मातम पसरा हुआ है। इस हृदय विदारक घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने टैंसेरा के समीप आधे घंटे तक सड़क को जाम कर दिया। पुलिस अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद सड़क जाम हटा लिया गया। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार प्रीतम तीन दिन पूर्व अपने परिवार के साथ गांव में ही आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। सभी समारोह में व्यस्त थे। इसी बीच वह गायब हो गया। ग्रामीणों ने मिलकर आसपास के इलाकों और संभावित ठिकानों पर उसे ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। गुरुवार तक जब मासूम का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों की चिंता गहरी होती गई। शुक्रवार की अलसुबह कुछ ग्रामीणों ने गांव के एक कुएं में एक शव को तैरते हुए देखा। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ वहां जमा हो गई। जब शव को बाहर निकाला गया, तो उसकी शिनाख्त आठ वर्षीय प्रीतम गोप के रूप में हुई। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय गुमला थाना को दी गई। सूचना पाकर पुलिस दल मौके पर पहुंचा और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है िक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह महज एक दुर्घटना है या इसके पीछे कोई साजिश है। पुलिस ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। इधर ग्रामीणों का कहना है कि मासूम प्रीतम की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या बच्चा खेलते-खेलते कुएं में गिर गया या उसके साथ कुछ अनहोनी हुई, यह जांच का विषय है। फिलहाल पूरा गांव इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। हालिया घटनाएं (फरवरी-मार्च 2026): 11 मार्च 2026: बसिया थाना क्षेत्र के कलिगा गांव में 30 वर्षीय अमित सुरीन की कुएं में गिरकर मौत हो गई। फरवरी 2026: गुमला सदर थाना के खोरा भकुवाटोली में 65 वर्षीय बुधवा उरांव और जोराग गांव में 50 वर्षीय बिरसमुनी देवी की कुएं में डूबने से मृत्यु हुई। मार्च 2026: कुलाबीरा ढाउढाटोली में कालेफ खड़िया (40 वर्ष) की कुएं में डूबने से मौत हुई।
शादी समारोह से लापता बच्चे का कुएं में मिला शव, विरोध में सड़क जाम किया
Date:




