![]()
शिवहर में घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) की पर्याप्त उपलब्धता है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी-सह-अपर समाहर्त्ता, श्री मेधावी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी और आमजन से किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने बताया कि जिले में प्रतिदिन की मांग के अनुसार संबंधित कंपनियों द्वारा सभी गैस एजेंसियों को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिले में संचालित सभी 20 गैस एजेंसियों को निर्बाध रूप से गैस की आपूर्ति हो रही है। गैस वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए सरकार द्वारा निर्धारित शहरी उपभोक्ताओं के लिए अंतिम डिलीवरी के 25 दिनों बाद और ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए 45 दिनों बाद नए सिलेंडर की बुकिंग की अनुमति की व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है। 5 दिनों में होगी होम डिलीवरी गैस बुकिंग के बाद 4-5 दिनों के भीतर होम डिलीवरी के माध्यम से सिलेंडर उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जा रहा है। उपभोक्ताओं से अनुरोध किया गया है कि वे अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं। 10 अप्रैल 2024 तक जिले में 17,500 उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जा चुकी है। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु एक जिला नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। यह नियंत्रण कक्ष प्रतिदिन सुबह 7:00 बजे से रात 9:00 बजे तक कार्यरत रहेगा। कॉल पर भी शिकायत दर्ज करा सकते है उपभोक्ता उपभोक्ता अपनी शिकायतें दूरभाष संख्या 06222-257060 एवं 06222-257061 पर दर्ज करा सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों द्वारा बाजारों में स्थित होटल एवं गैस प्रतिष्ठानों की नियमित जांच भी की जा रही है।

