![]()
समस्तीपुर में एक पंचायत समिति सदस्य के घर में बेटी की शादी की तैयारियों के बीच लाखों रुपये की लूटपाट हुई है। शुक्रवार रात करीब 10 लुटेरों ने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और उन्हें बंधक बना लिया। मामला विभूतिपुर थाना क्षेत्र स्थित चक हबीब गांव का है। लुटेरे शादी के लिए खरीदे गए लगभग 10 लाख रुपये के गहने और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। इस घटना में पंचायत समिति सदस्य रेखा देवी सहित उनके परिवार के कई सदस्य घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की पहचान पंचायत समिति सदस्य रेखा देवी, उनके पति मंटुन राय, बेटी जूली कुमारी और करीना कुमारी के रूप में हुई है। मंटुन राय ने बताया कि उनकी तीसरी बेटी जूली कुमारी की शादी 26 फरवरी को होने वाली थी, जिसके लिए घर में तैयारियां चल रही थीं और सभी आवश्यक सामान, कपड़े और गहने खरीदे जा चुके थे। मारपीट कर बनाया बंधक मंटुन राय के अनुसार, जब उनकी पत्नी रेखा देवी ने लुटेरों का विरोध किया, तो उन्हें बेरहमी से पीटा गया। शोर सुनकर उनकी बेटियां जूली कुमारी और करीना कुमारी भी बाहर आईं, जिन्हें लुटेरों ने मारपीट कर घर के अंदर बंधक बना लिया। पीड़ित परिवार ने बताया कि लुटेरों ने लगभग 10 लाख रुपये का सामान लूटा है। घटना के दौरान, जूली कुमारी ने एक लुटेरे के चेहरे से गमछा खींच लिया, जिससे उसकी पहचान गांव के ही नीतीश कुमार के रूप में हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल सभी लोग इलाज के लिए विभूतिपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार किए जाने के बाद सभी लोगों को बेहतर इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। मन्टुन राय अपनी पत्नी पंचायत समिति सदस्य रेखा देवी जुली कुमारी करीना कुमारी के साथ इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचे। सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तैनात डॉक्टर उत्कर्ष कुमार के देखरेख में सभी घायल लोगों का इलाज शुरू किया गया है। डॉक्टर ने बताया की रेखा देवी के सर में काफी चोट लगा हुआ है जिसका सीटी स्कैन कराया जा रहा है ।बाकी लोगों को अंदरूनी चोट लगी है, जिसका एक्सरे कराया जा रहा है ।मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना नगर थाने की पुलिस को दे दी गई है। नगर थाना ध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि सदर अस्पताल से उन्हें सूचना मिली हुई है। नगर थाने में तैनात हरी लाल यादव को घायल लोगों से फर्द व्यान लिए जाने को लेकर सदर अस्पताल भेजा जा रहा है। बयान लिए जाने के बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए विभूतिपुर थाना भेज दिया जाएगा।
समस्तीपुर में पंचायत समिति सदस्य के घर लूटपाट:10 लाख के गहनों की लूट, घर के सदस्यों को बंधक बना कर पीटा
Date:




