![]()
समस्तीपुर पुलिस ने होली से पहले कार्रवाई करते हुए दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में अवैध शराब जब्त की है। एनएच-28 बसढ़िया टोल प्लाजा के पास एक कंटेनर और एक कार से कुल 706.5 लीटर बियर और शराब बरामद की गई। इस मामले में दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर दलसिंहसराय थाना पुलिस और एलटीएफ (लोकल टास्क फोर्स) ने संयुक्त रूप से वाहनों की जांच शुरू की। जांच के दौरान नागालैंड रजिस्ट्रेशन नंबर वाले टाटा कंपनी के कंटेनर और बंगाल नंबर वाली लाल रंग की कार को रोका गया। शराब डिमापुर से बंगाल होते हुए दलसिंहसराय की ओर लाई जा रही थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कंटेनर चालक बेगूसराय के खोदावंदपुर थाना सिसरी निवासी नीतीश कुमार (अशोक दास का बेटा) और मोहम्मद नियाज (मोहम्मद अबू अवैध उर्फ लाल बाबू का बेटा) के रूप में हुई है। दोनों ने शराब तस्करी की साजिश कबूल की है। होली के मद्देनजर पुलिस पूरी तरह सतर्क डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने आगे बताया कि होली के मद्देनजर पुलिस पूरी तरह सतर्क और सजग है। यह बड़ी कामयाबी उसी का नतीजा है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है। यह कार्रवाई अवैध शराब तस्करी पर लगाम कसने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। स्थानीय स्तर पर शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है।
समस्तीपुर में 700 लीटर शराब जब्त, 2 तस्कर अरेस्ट:होली के लिए बंगाल के रास्ते लाई जा रही थी खेप, कंटेनर-कार से बरामदगी
Date:




