![]()
चतरा जिले के सिमरिया में ‘नो-एंट्री’ के नाम पर हो रही अवैध वसूली के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की है। यह कदम सोशल मीडिया पर एक 57 सेकंड का वीडियो वायरल होने के बाद उठाया गया, जिसमें चौकीदार सत्येंद्र सिंह ट्रक चालकों से खुलेआम पैसे लेते हुए दिख रहा है। सिमरिया अंचल अधिकारी (सीओ) गौरव कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने आरोपी चौकीदार को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। यह पूरा मामला चतरा-रांची मुख्य मार्ग NH-22 पर स्थित जबड़ा बाजार चेकपोस्ट का है। इस घटना से विभाग की छवि धूमिल हुई है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। वायरल वीडियो में चौकीदार सत्येंद्र सिंह ट्रकों को ‘नो-एंट्री’ के दौरान पास कराने के नाम पर चालकों से अवैध वसूली करते हुए स्पष्ट रूप से दिख रहे हैं। वीडियो में वह ट्रकों को रोककर उनसे पैसे लेते और उन्हें अपनी वर्दी की जेब में रखते हुए नजर आ रहे हैं।


