सिमरिया में रामचरितमानस नवाह परायण महायज्ञ से माहौल भक्तिमय, साध्वी ज्योति दीदी ने सुनाई रामकथा

Date:


भास्कर न्यूज | गिरिडीह सदर प्रखंड के बजटो पंचायत अंतर्गत सिमरिया गांव में आयोजित श्री श्री 1008 श्री रामचरितमानस नवाह परायण सह हनुमंत प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ के चौथे दिन रविवार की रात श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। कथावाचिका साध्वी ज्योति दीदी ने अपने प्रवचन से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और समाज में संस्कार, शिक्षा एवं भारतीय संस्कृति के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। साध्वी ज्योति दीदी ने कहा कि यदि घर में सास को कौशल्या जैसा आदर्श देखना है, तो बहुओं को भी माता सीता के गुणों को अपनाना होगा। उन्होंने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें, क्योंकि परिवार और समाज की नींव संस्कारों पर ही टिकी होती है। वर्तमान समय में सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग बच्चों के मानसिक और नैतिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है, इसलिए अभिभावकों को इस दिशा में सजग रहने की आवश्यकता है।कथा के दौरान उन्होंने पश्चिमी सभ्यता के अंधानुकरण से बचने और भारतीय संस्कृति को अपनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में परिवार, मर्यादा और संस्कारों को सर्वोपरि स्थान दिया गया है, जिसे संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसके साथ ही उन्होंने बेटियों की शिक्षा पर विशेष बल देते हुए कहा कि आज के समय में बेटा और बेटी में कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए। बेटियों को भी समान अवसर और उच्च शिक्षा मिलनी चाहिए, ताकि वे सशक्त और आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि बेटियों को अबला नहीं, बल्कि सबला बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाएं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा का कर रहे श्रवण महायज्ञ के आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का उल्लेखनीय सहयोग देखने को मिल रहा है। महायज्ञ स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा का श्रवण कर रहे हैं और धार्मिक वातावरण का आनंद ले रहे हैं। आयोजन को लेकर गांव में उत्साह का माहौल बना हुआ है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय मुखिया अनिता वर्मा, पंचायत समिति सदस्य आरती देवी, जितेंद्र वर्मा, घनश्याम वर्मा, यज्ञ समिति अध्यक्ष बद्री महतो, सचिव प्रयाग प्रसाद वर्मा तथा कोषाध्यक्ष मुंशी प्रसाद वर्मा सहित सभी ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

Join Us WhatsApp