![]()
सीवान के आंदर थाना क्षेत्र में स्माइकर गैंग ने दो युवकों पर जानलेवा हमला किया है। गड़ार पुल के पास हुई इस घटना में एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया गया, जबकि दूसरे युवक का चाकू से कान काट दिया गया। गोली लगने से घायल युवक की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के फाजिलपुर निवासी अच्छेलाल यादव के बेटे पंकज कुमार यादव के रूप में हुई है। चाकू से घायल युवक आंदर थाना क्षेत्र के गड़ार निवासी मोहन यादव का बेटा संजय यादव है। चाउमीन खाकर घर लौट रहे थे दोनों घायल संजय यादव ने बताया कि वह और पंकज कुमार यादव हुसैनगंज बाजार से चाउमीन खाकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हुसैनगंज बाजार के स्माइकर गैंग के सदस्यों ने गड़ार पुल के पास उन्हें रोकने का प्रयास किया। यह हमला पुराने विवाद के कारण हुआ बताया जा रहा है। जब दोनों युवकों ने रुकने से इनकार किया, तो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया। हमले के दौरान एक बदमाश ने संजय यादव पर चाकू से वार किया, जिससे उनका कान गंभीर रूप से कट गया। वहीं, दूसरे अपराधी ने पिस्टल निकालकर पंकज कुमार यादव पर फायरिंग कर दी। गोली पंकज के जांघ में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े। गोली की आवाज और शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। घायल को सदर अस्पताल किया रेफर स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर किया गया। बाद में चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दोनों को पीएमसीएच पटना भेज दिया। मामले को लेकर सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में यह मामला पुराने विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घायलों के बयान के आधार पर केस दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
सीवान में स्माइकर गैंग ने युवकों पर किया हमला:एक युवक को जांघ में लगी गोली, दूसरे का चाकू से कान काटा
Date:




