![]()
सुपौल के किशनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजपुर पंचायत के सिसौनी गांव में रविवार शाम करीब 7 बजे एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। बाइक सवार नकाबपोश अपराधियों ने चाय दुकान पर बैठे एक युवक की पहले गोली मारकर और फिर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। किशनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि गोली लगने की पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। देखें, मौके से आई 2 तस्वीरें… सिलसिलेवार पढ़ें पूरा मामला… बाइक सवार बदमाशों ने अचानक किया हमला मृतक की पहचान कटहारा गांव निवासी राजेश सुतिहार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि राजेश एनएच-327ए किनारे सिसौनी स्थित मारुति सुजुकी शोरूम के पास सुरज साह की चाय दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान किशनपुर की ओर से आए बाइक सवार बदमाशों ने अचानक उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शी बोले-पहले गोली चलाई, फिर काटा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने पहले राजेश पर दो राउंड फायरिंग की। गोली लगने के बावजूद जब उसकी मौत नहीं हुई, तो बदमाशों ने धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया और मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि चार की संख्या में अपराधी दो मोटरसाइकिल पर सवार थे। 10 मिनट पहले दुकान पर आया था- दुकानदार दुकानदार सुरज साह ने बताया कि घटना से करीब 10 मिनट पहले ही राजेश उसकी दुकान पर आया था और पानी मांगा था। वह पानी लेने घर गया था, तभी उसे दो गोली चलने की आवाज सुनाई दी। वापस लौटने पर उसने देखा कि राजेश खून से लथपथ दुकान के अंदर गिरा पड़ा था और हमलावर फरार हो चुके थे। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल राजेश को सदर अस्पताल सुपौल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी-डीएसपी मौके पर, बोले- जांच जारी सूचना मिलते ही किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार, एसपी आरएस सरथ और डीएसपी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। हालांकि, किशनपुर थानाध्यक्ष ने कहा कि गोली लगने की पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

