![]()
सुपौल के सरायगढ़ भपटियाही अंचल क्षेत्र अंतर्गत मुरली पंचायत के वार्ड संख्या 6 में गुरुवार दोपहर भीषण आग लगने से छह परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। चूल्हे से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे सात फूस के घर, अनाज, कपड़ा और बर्तन समेत चार लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई। पहले देखें तस्वीरें… घटना के संबंध में बताया गया कि सबसे पहले गुनीलाल शर्मा के घर में चूल्हे की चिंगारी से आग लगी। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और गुनीलाल शर्मा के दो फूस के घर पूरी तरह जल गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के घर भी इसकी चपेट में आ गए। देखते ही देखते दिनेश शर्मा, बबीता देवी, महेश चौपाल, रमेश चौपाल और विकास शर्मा के फूस के घर भी आग की जद में आकर जल गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। आगलगी की सूचना मिलते ही अंचल अधिकारी (सीओ) धीरज कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मिलकर नुकसान का आकलन किया। तत्काल राहत के तौर पर सीओ धीरज कुमार और पूर्व मुखिया विजेंद्र प्रसाद यादव के हाथों सभी छह पीड़ित परिवारों के बीच पॉलीथिन शीट का वितरण किया गया। सीओ धीरज कुमार ने बताया कि आग से प्रभावित सभी परिवारों को सरकारी प्रावधान के तहत जल्द ही मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन द्वारा आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सुपौल में चूल्हे की चिंगारी से 7 घर जलकर राख:6 परिवारों को 4 लाख से अधिक का नुकसान, CO बोले- अग्निपीड़ितों को आर्थिक मदद
Date:




