![]()
मुजफ्फरपुर में आयोजित एक पशु मेले के दौरान उस वक्त हंगामा मच गया, जब ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम के बीच मंच पर मौजूद महिला कलाकार आपस में ही भिड़ गईं। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और कार्यक्रम बीच में ही बाधित हो गया। घटना का वीडियो आज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गरहा के अर्जुन बाबू पशु मेला का मामला यह घटना अर्जुन बाबू पशु मेला की है। जिसका आयोजन कल पूर्व मंत्री राम सूरत राय की तरफ से हुआ था। यहां मेले के दौरान ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान मंच पर मौजूद महिला डांसरों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो अचानक हिंसक रूप ले लिया। बाल खींचे, मंच पर मची अफरा-तफरी पहले कलाकारों के बीच बहस हुई, लेकिन कुछ ही पलों में मामला हाथापाई तक पहुंच गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि डांसर एक-दूसरे के बाल खींचते और मारपीट करते नजर आ रही हैं। इस दौरान मंच पर अफरातफरी का माहौल बन गया, जबकि आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव करते दिखे। वहीं, माहौल बिगड़ता देख, स्टेज संचालक ने तुरंत कहा- इसी के साथ कार्यक्रम समाप्त। फिर कुछ देर तक हाथापाई के बाद लाइट काट दी गई। वीडियो वायरल, चर्चा तेज घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। आयोजक और पुलिस ने क्या कहा मेले का आयोजन पूर्व मंत्री राम सूरत राय की ओर से कराया गया था। इस मामले पर उन्होंने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है और यह कलाकारों के बीच का आपसी मामला है। वहीं, गरहां थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार वर्मा ने बताया कि इस संबंध में अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

