![]()
बेगूसराय के नावकोठी थाना क्षेत्र से हत्या की एक वारदात सामने आई है। यहां महेशवाड़ा स्थित सेहमानी गाछी के पास एक युवक का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान पहसारा गांव के रहने वाले मंटून झा के पुत्र मोनू कुमार झा (25) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की जानकारी तब मिली जब ग्रामीणों ने नवल किशोर झा के डेरा में एक युवक का शव देखा। इसकी सूचना तुरंत स्थानीय मुखिया अजय सहनी को दी गई। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि हत्या बड़ी बेरहमी से की गई है। अपराधियों ने मोनू के हाथ-पैर बांध दिए थे और गले में गमछा लपेटा हुआ था। पहचान छिपाने के लिए चेहरे को बुरी तरह कुचला गया था और उस पर तेजाब (एसिड) भी डाला गया था। घटनास्थल की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवक को पीट-पीटकर मारा गया है। मृतक के परिजन बोले- दो दिन पहले जान से मारने की धमकी मिली थी मृतक के परिजनों का आरोप है कि मोनू को घर से बुलाकर ले जाया गया था। मृतक के भाई कन्हैया कुमार ने बताया कि दो दिन पहले कुछ लोग घर आए थे और उन्होंने मोनू को तीन दिन के भीतर जान से मारने की धमकी दी थी। सोमवार दोपहर 2 बजे से ही मोनू लापता था और उसका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा था। दूसरी ओर घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि मोनू झा शराब के धंधे सहित अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल था। प्राथमिक जांच में पुलिस और स्थानीय लोग इसे शराब के कारोबार में हुए आपसी विवाद या किसी पुरानी रंजिश का परिणाम मान रहे हैं। वहीं, लाश मिलने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही नावकोठी थानाध्यक्ष मो., फिरदौस दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।

