![]()
अरवल जिले के परासी थाना क्षेत्र के अमर गांव से 12 मार्च को लापता हुए दो नाबालिग दोस्तों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। परिजनों की सूचना के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने उन्हें खोज निकाला। दोनों नाबालिग करीब चार दिनों से घर से गायब थे। परिजनों के अनुसार, दोनों दोस्त बिना किसी को बताए घर से चले गए थे। काफी खोजबीन के बाद उन्होंने स्थानीय थाने में इसकी सूचना दी। परासी थाना प्रभारी सेराज आलम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने युवकों से मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया। हालांकि, उनके मोबाइल स्विच ऑफ आ रहे थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वैज्ञानिक तरीके से टावर लोकेशन के आधार पर उनकी जानकारी जुटाई। जैसे ही मोबाइल फोन चालू हुआ, पुलिस ने दोनों युवकों से बातचीत की और उन्हें समझा-बुझाकर वापस घर बुला लिया। थाने में दोनों युवकों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सूचना दी गई। पूछताछ में युवकों ने बताया कि वे अपनी मर्जी से घूमने के बहाने घर से निकले थे। पुलिस ने दोनों युवकों को उनके परिजनों को सौंप दिया।
12 मार्च से लापता दो नाबालिग दोस्त मिले:पुलिस ने परिजनों की सूचना के 24 घंटे में खोज निकाला
Date:




