Tuesday, March 31, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

121 मीटर का महावीरी झंडा बना आकर्षण

प्रतिनिधि, रातू.

मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जन्मोत्सव का पावन पर्व रामनवमी पूरे रातू प्रखंड में हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया. राम भक्तों ने भगवान श्रीराम के साथ-साथ हनुमान जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. अपने-अपने घरों और आंगनों में महावीरी झंडे स्थापित किये. ऐतिहासिक महादेव टंगरा में आयोजित झंडा मिलन समारोह में दर्जनों गांवों के अखाड़ेधारी आकर्षक झांकियों के साथ शामिल हुए. वहीं रातू चट्टी और काठीटांड़ क्षेत्र में जुलूस निकाला गया. जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. जुलूस का मुख्य आकर्षण पंचमुखी हनुमान मंदिर पूजा समिति आनंदमई नगर द्वारा लाया गया 121 मीटर लंबा महावीरी झंडा रहा. जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया. पूरे आयोजन में महिलाओं व बच्चियों का विशेष उत्साह देखने को मिला. इस दौरान रामनवमी पूजा समिति काठीटांड़ के सुबोध साहू, मिथलेश दुबे, अतुल राज ठाकुर व जगदीश साहू ने श्रद्धालुओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया. वहीं साईं स्वयंसेवी संस्था रातू चट्टी के श्याम सुंदर चौबे, बैजू सोनी व उमेश लोहरा सहित अन्य सदस्यों ने जुलूस में शामिल भक्तों का स्वागत किया. रामनवमी पूजा समिति रातू चट्टी व मां काली मंदिर समिति ब्लॉक रोड ने श्रद्धालुओं के बीच चना, शरबत व अंगवस्त्र का वितरण किया.

Spread the love

Popular Articles