![]()
पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से झारखंड का मौसम लगातार दूसरे दिन भी बदला हुआ नजर आया। सोमवार को दोपहर बाद अचानक आसमान में काले बादलों का जमावड़ा लग गया और दिन में ही अंधेरा छा गया। कई जिलों में देर रात तक मेघ गर्जन के साथ रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रही। मौसम विभाग के अनुसार रांची में लगभग 5 मिमी बारिश दर्ज की गई। जबकि सबसे अधिक 56 मिमी वर्षा गिरिडीह में रिकॉर्ड की गई। खूंटी और पाकुड़ में ओलावृष्टि की भी सूचना मिली है। नामकुम, ईटकी सहित कई इलाकों में भी ओले गिरे। राजधानी रांची में सोमवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण लोगों को दिन में ही शाम जैसा माहौल महसूस हुआ। रांची में आंधी-बारिश से शहर में नुकसान सोमवार शाम को राजधानी में मौसम ने अचानक करवट ली। घने बादलों के बीच तेज आंधी और गरज के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। तेज हवा के कारण कडरू मेन रोड स्थित सोरोम बार के ओपन रूफ टॉप का शेड उड़कर स्काई लाइन बिल्डिंग के नीचे गिर गया। जिससे वहां खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शहरी क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि आसपास के क्षेत्रों में कई स्थानों पर अच्छी बारिश हुई। आज भी वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट मौसम केंद्र ने राज्य के लगभग सभी जिलों के लिए मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को विशेष रूप से उत्तर-पश्चिमी भाग में गर्जन के साथ बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 18 से 20 मार्च तक भी यही स्थिति बनी रह सकती है। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 21 मार्च तक आकाश में बादल छाए रहने और बीच-बीच में तेज हवा चलने का पूर्वानुमान है। खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने, पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। खराब मौसम से उड़ानें प्रभावित, दो विमान डायवर्ट रांची एयरपोर्ट पर सोमवार शाम खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। मुंबई और बेंगलुरु से आने वाले इंडिगो के दो विमानों को रांची के बजाय कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा। बाद में मुंबई से आने वाला विमान रात करीब 11 बजे रांची पहुंच सका। इसके अलावा दिल्ली, चेन्नई, भुवनेश्वर और बेंगलुरु जाने वाली कई उड़ानें भी देर से रवाना हुईं। बेंगलुरु से कोलकाता डायवर्ट हुआ एक विमान बाद में रद्द कर दिया गया, जिससे रांची एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे डेढ़ सौ से अधिक यात्रियों को वापस लौटना पड़ा।
21 मार्च तक बदला रहेगा मौसम का मिजाज:झारखंड में आज भी वज्रपात-तेज हवाओं का अलर्ट, 50 km/h तक रहेगी हवा की रफ्तार
Date:




