![]()
पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र के हाथकाठी गांव में 45 वर्षीय आलोक रंजन का शव उनके घर में पंखे से लटका मिला। यह घटना सोमवार सुबह सामने आई, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, आलोक रंजन घर में अकेले थे। उनकी पत्नी अपने दोनों बच्चों के साथ लगभग एक सप्ताह पहले दरभंगा स्थित मायके गई हुई थीं। सोमवार सुबह गांव के पांचू यादव किसी काम से उनके घर पहुंचे, तो दरवाजा अंदर से बंद पाया। कई बार आवाज लगाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। आशंका होने पर पांचू यादव ने आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद मृतक के छोटे भाई अमित रंजन भी मौके पर पहुंचे और घटना की लिखित सूचना हिरणपुर थाने को दी। सूचना पाकर हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार और एसआई सूर्यकुमार राम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में घर का दरवाजा तोड़ा गया, जहां आलोक रंजन का शव कमरे में पंखे से लटका हुआ पाया गया। कई वर्षों से मोदी केयर में कार्यरत थे आलोक रंजन परिजनों ने बताया कि आलोक रंजन पिछले कई वर्षों से मोदी केयर में कार्यरत थे। घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सोनाजोरी स्थित सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों ने बताया कि आलोक रंजन डिप्रेशन में थे। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह आत्महत्या है या हत्या। थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
45 वर्षीय व्यक्ति का शव फंदे से लटका मिला:पाकुड़ के हिरणपुर के हाथकाठी गांव में घटना, बच्चों संग पत्नी गई थी मायके
Date:




