कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा शनिवार को लखीसराय के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। उन्होंने भाजपा प्रधान कार्यालय में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर मीडिया संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मीडिया संवाद को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं। रेल और हवाई संपर्क के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ
उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में बिहार में सड़क, बिजली, रेल और हवाई संपर्क के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ राज्य के गांव-गांव तक पहुंचा है, जिससे आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार आया है। कृषि मंत्री ने यह भी कहा कि बिहार में आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने राजगीर, गया और मुजफ्फरपुर को जोड़ने वाली रैपिड रेल परियोजना पर गंभीरता से काम चलने की जानकारी दी, जिससे राज्य में यातायात व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। इसके अतिरिक्त, गंगा नदी पर कई महत्वपूर्ण पुलों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि सात नए पुलों का निर्माण कार्य विभिन्न चरणों में जारी है। जनसंघ के संकल्पों को पूरा किया
सिन्हा ने भाजपा की वैचारिक प्रतिबद्धताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जनसंघ के समय से जो भी संकल्प देश के सामने रखा था, उसे पूरा करने का कार्य किया है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाना तथा अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण भाजपा की ऐतिहासिक प्रतिबद्धताओं में शामिल था, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार किया गया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पार्टी के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

