Sasaram News: रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी-2) कैंप में महिला पुलिस बल के प्रशिक्षण के दौरान 16 किलोमीटर की दौड़ में एक साथ 16 महिला प्रशिक्षुओं की तबीयत बिगड़ गई. दौड़ के बीच कई प्रशिक्षुओं को अचानक चक्कर आने लगे, पेट में तेज दर्द, घबराहट और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत हुई. देखते ही देखते कुछ प्रशिक्षु बेहोश होकर गिर पड़ीं, जिससे प्रशिक्षण केंद्र में अफरा-तफरी मच गई. तत्काल मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मियों ने स्थिति को संभालते हुए सभी प्रभावित प्रशिक्षुओं को एंबुलेंस के माध्यम से अनुमंडलीय अस्पताल डेहरी पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया.
चार प्रशिक्षुओं की हालत गंभीर, बेहतर इलाज के लिए रेफर
बेहोश हुई महिला प्रशिक्षुओं में से चार की हालत अधिक गंभीर बताई गई. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सासाराम और नारायण मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जमुहार रेफर किया गया है. साथ ही अन्य प्रशिक्षुओं का इलाज डेहरी अनुमंडलीय अस्पताल में जारी है, जबकि कुछ को उपचार के बाद कैंप वापस भेज दिया गया.

जानकारी के आनुसार, इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बिहार के विभिन्न जिलों से कुल 1358 महिला प्रशिक्षु ने हिस्सा लिया हैं, जिन्हें निर्धारित शारीरिक प्रशिक्षण के तहत 16 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी थी.
भीषण गर्मी में पहले भी हो चुकी है दर्दनाक घटना
डेहरी स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP-2) कैंप में यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी भीषण गर्मी के बीच आयोजित दौड़ के दौरान कई प्रशिक्षु जवानों की तबीयत बिगड़ चुकी है. इसी तरह की एक घटना में समस्तीपुर जिले के पटोरी थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव निवासी प्रशिक्षु सिपाही श्रीराम कुमार की हालत गंभीर हो गई थी.
पटना एम्स में इलाज के दौरान हुई मौत
श्रीराम कुमार को पहले स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए रेफर किया गया था. बाद में उन्हें पटना एम्स में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस घटना के बाद उनके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और कैंप में भी गहरा दुख देखा गया.
लू और तेज गर्मी को माना जा रहा मुख्य कारण
डॉक्टरों के अनुसार, लगातार बढ़ते तापमान, तेज धूप और लू की स्थिति के कारण प्रशिक्षुओं की तबीयत बिगड़ रही है. पिछले कुछ दिनों से बिहार के कई जिलों में तापमान काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है, जिसका असर आम लोगों के साथ-साथ सुरक्षा बलों के प्रशिक्षण पर भी पड़ रहा है.

प्रशिक्षण व्यवस्था और सुरक्षा उपायों पर उठे सवाल
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा इंतजामों और गर्मी में कराए जा रहे कठोर शारीरिक अभ्यासों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि अत्यधिक गर्मी में इस तरह की लंबी दौड़ और कड़े प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सावधानी बरतने की आवश्यकता है.
फिलहाल कैंप प्रशासन और संबंधित विभाग पूरे मामले की समीक्षा में जुटे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकें.
The post सासाराम में BSAP-2 ट्रेनिंग में 16 महिला ट्रेनी बेहोश, 4 की हालत गंभीर; पहले भी हो चुकी है एक मौत appeared first on Prabhat Khabar.

