दरभंगा में मारपीट में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका राजो वार्ड-5 निवासी छोटकन देवी (60) है। परिजनों के अनुसार, घटना 6 जून की शाम की है। छोटकन देवी आम बेचकर घर लौटी थीं और अपने आंगन में बैठी हुई थीं। इसी दौरान पड़ोसी के घर की छत से पानी उन पर गिर गया। इसी को लेकर विवाद हो गया। मृतका के बेटे जय राम सहनी ने आरोप लगाया कि जब मां इस संबंध में शिकायत करने जा रही थीं, तभी पड़ोस के कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। आरोप है कि हमले में उनकी गर्दन पर गंभीर चोट लगी, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। घटना सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत राजो गांव की है। डीएमसीएच में चल रहा था इलाज
घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल सिंहवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर कर दिया। पिछले कई दिनों से उनका इलाज चल रहा था, लेकिन रविवार की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतका अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गई हैं।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार इधर, घटना की सूचना मिलने पर बेंता थाना पुलिस डीएमसीएच पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
थानाध्यक्ष वसंत कुमार ने बताया कि मामले में प्राप्त फर्द बयान, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।

