Tuesday, June 16, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

शेखपुरा में शराब कारोबारी ने महिला को पीटा, गंभीर घायल:पति को शराब देने से मना करने पर हमला, गंभीर हालत में पावापुरी रेफर


शेखपुरा नगर थाना क्षेत्र के मनियंडा गांव में मंगलवार को शराब कारोबारी द्वारा एक महिला पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब देने से मना करने पर कारोबारी ने महिला के ऊपर लकड़ी के मोटे डंडे से ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल शेखपुरा में भर्ती कराया गया। घायल महिला की पहचान मनियंडा गांव निवासी बिरजू मांझी की पत्नी रेखा देवी के रूप में हुई है। महिला की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पावापुरी हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार महिला को बेहोशी की हालत में अस्पताल से भेजा गया है। पति की शराब की आदत से परेशान थी पत्नी घायल महिला की पुत्री ने बताया कि उसके पिता बिरजू मांझी गांव के ही शराब कारोबारी नीरज चौधरी के यहां जाकर रोज शराब पीते थे। शराब पीने के बाद वह दिनभर नशे में रहते थे। उसने बताया कि शराब पीने के लिए उसके पिता अक्सर उसकी मां से पैसे की मांग करते थे। इससे पूरा परिवार परेशान था। इसी परेशानी को देखते हुए उसकी मां रेखा देवी ने शराब कारोबारी नीरज चौधरी से उसके पति को शराब नहीं देने की बात कही थी। शराब देने से रोकने पर भड़का कारोबारी परिजनों का आरोप है कि रेखा देवी द्वारा पति को शराब देने से मना करने की बात नीरज चौधरी को नागवार गुजरी। इसी गुस्से में उसने लकड़ी के मोटे डंडे से महिला पर हमला कर दिया। हमले में महिला के शरीर पर गंभीर चोटें आईं और वह जमीन पर गिरकर बेहोश हो गई। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल पहुंचाया। आरोपी पर अवैध शराब कारोबार का आरोप घायल महिला की पुत्री ने आरोप लगाया कि नीरज चौधरी अवैध रूप से शराब का कारोबार करता है। उसने बताया कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति का व्यक्ति है और पहले भी कई लोगों को परेशान कर चुका है। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों ने भी शराब के अवैध कारोबार पर रोक लगाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। लिखित शिकायत मिलने के बाद होगी कार्रवाई मामले को लेकर नगर थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। अभी पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित शिकायत मिलने का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल महिला का इलाज पावापुरी में चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles