Wednesday, June 17, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

राहुल गांधी के छात्र सम्मेलन को लेकर कांग्रेस की तैयारी:पेपर लीक-बेरोजगारी पर घेराबंदी करेगी, राज्यभर में अभियान शुरू करने का लिया फैसला


कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रस्तावित बिहार यात्रा और पटना में 11 जुलाई को आयोजित होने वाले छात्र सम्मेलन को सफल बनाने के उद्देश्य से कांग्रेस ने आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित बुलाई। बैठक की अध्यक्षता बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने की। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की और राज्यभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया। बैठक में बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू, 2025 विधानसभा चुनाव के उम्मीदवार, विभिन्न जिलों के प्रभारी, पूर्व विधायक और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए। छात्रों तक पहुंचने के लिए जिला स्तर पर विशेष अभियान बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने सभी जिला प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर अपने-अपने जिलों के कॉलेजों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से सीधे संवाद स्थापित करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता विभिन्न शिक्षण संस्थानों में कैंप लगाकर छात्रों की समस्याओं को सुनेंगे और उनसे जुड़े मुद्दों को संकलित करेंगे। छात्रों की शिकायतों और सुझावों के आधार पर पार्टी उनके सवालों और समस्याओं को प्रमुखता से उठाएगी। छात्रों के बीच जाएगी कांग्रेस, रथ अभियान की तैयारी बैठक में कई जिलों के प्रभारियों ने जानकारी दी कि छात्रों तक पहुंचने के लिए विशेष रथ अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत कांग्रेस कार्यकर्ता विभिन्न कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और छात्र बहुल क्षेत्रों में जाकर युवाओं से संवाद करेंगे तथा उनकी समस्याओं को सुनेंगे। पार्टी का मानना है कि बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितता और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दे युवाओं के बीच सबसे बड़े सवाल हैं, जिन्हें लेकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। पेपर लीक और परीक्षा घोटालों को बनाएगी बड़ा मुद्दा बैठक में यह रणनीति भी बनाई गई कि राहुल गांधी के छात्र सम्मेलन में उन छात्रों और अभ्यर्थियों को विशेष रूप से शामिल किया जाए जो विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं से प्रभावित हुए हैं। कांग्रेस चाहती है कि नीट, सीबीएसई सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित धांधली और पेपर लीक के पीड़ित छात्र सम्मेलन में अपनी बात सीधे राहुल गांधी और जनता के सामने रखें। पार्टी इन मुद्दों को युवाओं के अधिकार और भविष्य से जुड़ा बड़ा सवाल बनाकर उठाने की तैयारी में है। युवाओं और छात्रों पर फोकस करेगी कांग्रेस बैठक के दौरान नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस युवाओं, छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। पार्टी का मानना है कि शिक्षा, रोजगार और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता जैसे मुद्दे बिहार के युवाओं की सबसे बड़ी चिंता हैं। इसी रणनीति के तहत राहुल गांधी के छात्र सम्मेलन को युवाओं की आवाज़ का मंच बनाने की तैयारी की जा रही है, जहां राज्यभर से बड़ी संख्या में छात्र और युवा भाग लेंगे।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles