लव गुरु के नाम से फेमस मटुकनाथ चौधरी एक बार फिर से चर्चा में हैं। उन्होंने एक बार से फिर से मोहब्बत के किस्से का जिक्र किया है।
.
अपने आधिकारिक फेसबुक पर लिखा है कि, एक महिला उनसे प्यार करती है। पर कहती है कि तुम प्यास जगा सकते हो, बुझा नहीं।
हूबहू पढ़िए मटूकनाथ ने अपने फेसबुक पर क्या लिखा है…
एक स्त्री मुझे प्यार करती है। जो स्त्री मुझे प्यार करती है, उसकी एक ही इच्छा है कि मैं उनकी रचनाओं को ध्यानपूर्वक पढूं और उनपर टिप्पणियां करूं। अगर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी करने में मुझे कभी संकोच हो तो प्राइवेट रूप से मैसेंजर में जाकर कर दूं।
मैं सोचने लग गया हूं कि यह प्रेम है या ड्यूटी? मैं तो सोचता हूं कि प्रेम के बदले प्रेम हो सकता है और रचना पढने के बदले में रचना पढना। प्रेम के बदले रचना पढना क्या प्रेम है? मैंने एक दिन उनसे कह दिया कि यह सब मुझसे नहीं होगा। प्रेम के बदले प्रेम होता है, न कि रचना पढना। सुना नहीं है गीत? बदले में दिल ले, बदले में दिल दे, ओ रे साहिबा, प्यार में सौदा नहीं
उस स्त्री ने मुझे मुंहतोड जवाब दे दिया। मैं तो ऐंठकर रह गया। बोलीं- आप किस लायक हैं कि मैं आपको प्यार के बदले प्यार दूं ? आप जिस लायक हैं, वही काम आपसे लूंगी न ? आप पढ सकते हैं, लिख सकते हैं, वह कीजिए।

मटूक नाथ आगे लिखते हैं कि, अब तो मेरे पास कहने के लिए कुछ बचा ही नहीं। यह गीत गाते हुए वहां से निकल पड़ा।रहने दो छोडो, जाने दो यार, हम ना करेंगे प्यार…
मैं अपने काम में लग गया और उसकी याद को भुलाने की कोशिश करने लगा। मैं एक कविता पढ़ रहा था। पढ क्या रहा था, उसी के बारे में सोच रहा था।आखिर इस दर्द की दवा क्या है?
इसी बीच उसका फोन आ गया। उसने कहा कि, मुझसे नाराज हो जानू ? हाय, इस ‘जानू’ शब्द को सुनते ही जान में जान आ गई। मुरझा रहा पौधा फोन -जल पड़ते ही हरा हो गया। नाराज क्यों रहूंगा ? तुझपे नाराज होऊंगा तो प्रसन्न किस पर होऊंगा ? आगे से तुम्हारी रचनाएं पढ़ा करूंगा और और उनपर टिप्पणियां भी किया करूंगा। इस माध्यम से कम से कम तुमसे जुड़ा तो रहूंगा।
अब जानिए मटुकनाथ कौन हैं और उनकी और जूली की लव स्टोरी क्या है
मटुकनाथ-जूली की प्रेम कहानी 2006 में चर्चा में आई थी। उस वक्त मटुकनाथ पटना यूनिवर्सिटी में हिन्दी के प्रोफेसर थे और जूली उनकी स्टूडेंट। जूली मटुकनाथ से 30 साल छोटी थी। पहली बार क्लासरूम में दोनों की मुलाकात हुई थी।
बताया जाता है कि, 2004 में मटुकनाथ ने एक कैंप लगाया था, जिसमें जूली भी पहुंची थी। इसी दौरान दोनों में बातचीत शुरू हुई थी। दोनों के बीच फोन पर घंटों बातें भी होती थी।
मटुकनाथ के मुताबिक, एक दिन जूली का फोन आया और उसने कहा कि वो मुझसे प्यार करती हैं और शादी करना चाहती हैं। बातचीत का सिलसिला प्यार में बदला और फिर दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे।

मटुकनाथ और जूली की पुरानी तस्वीर। दोनों लिव इन रिलेशन में थे।
पत्नी से हुआ तलाक
जूली से अफेयर के बाद मटुकनाथ की पत्नी आभा ने उन पर गंभीर आरोप लगाए और दोनों का तलाक हो गया। मटुकनाथ की परेशानी बढ़ती गई और फिर उन्हें कानूनी लड़ाई भी लड़नी पड़ी।
जूली के साथ प्रेम-प्रसंग की वजह से 15 जुलाई, 2006 को पटना यूनिवर्सिटी ने मटुकनाथ को बीएन कॉलेज के हिंदी डिपार्टमेंट के रीडर पद से सस्पेंड कर दिया था। बाद में 20 जुलाई, 2009 को उन्हें नौकरी से ही बर्खास्त कर दिया गया।
वेलेन्टाइन डे पर जूली को गिफ्ट की थी कार
लव अफेयर को लेकर मटुकनाथ को नौकरी के दौरान काफी वक्त तक सस्पेंड रहना पड़ा था। हालांकि, 2013 में 13 फरवरी को पटना यूनिवर्सिटी से मटुकनाथ को पिछले पांच साल के एरियर के तौर पर 20 लाख रुपए मिले थे। मटुकनाथ ने उस पैसे से अगले दिन यानी 14 फरवरी को जूली को कार खरीदकर गिफ्ट की थी। इसकी भी खूब चर्चा हुई थी।

मटुकनाथ को छोड़ विदेश चली गई जूली
साल 2014 में जूली ने मटुकनाथ का साथ छोड़ दिया और पोर्ट ऑफ स्पेन में रहने लगीं। मटुकनाथ ने कहा था कि ‘साल 2013 तक तो सबकुछ ठीक ठाक रहा, लेकिन साधना के लिए गुरु की तलाश में जूली भटक गईं। वह कई गलत गुरु के संपर्क में आ गईं, जिससे गलत साधना हो गई। ऐसे गलत गुरु के साथ साधना में हुई गलती से जूली मानसिक रोगों की शिकार हो गईं।’
मटुकनाथ और जूली के बीच दूरी 2014 से बढ़ने लगी। अपनी आधी उम्र की लड़की से प्यार करने वाले मटुकनाथ को जूली की साधना पसंद नहीं आई जिससे दूरियां खाई बनती गईं।
साल 2020 में मटुकनाथ अपनी प्रेमिका जूली को लेने सात समुंदर पार भी गए लेकिन जूली ने आने से इनकार कर दिया। इस दौरान मटुकनाथ पर भी कई आरोप लगे। फिलहाल 60 साल के मटुकनाथ बिहार के भागलपुर नवगछिया में एक स्कूल चलाते हैं।

———————————————
मटुकनाथ और जूली से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए..
मटुकनाथ को आज भी जूली का इंतजार:16 साल बाद फिर चर्चा में बिहार की सबसे चर्चित लव स्टोरी; जानिए किस हाल में हैं दोनों

लवगुरु मटुकनाथ और जूली की लव स्टोरी 16 साल बाद एक बार फिर चर्चा में है। मटुकनाथ की तरह समस्तीपुर में एक 42 साल के टीचर को अपनी 20 साल की स्टूडेंट से प्यार हो गया। कोचिंग में नजदीकियां बढ़ी और मंदिर में एक दूजे के हो गए। पूरी खबर पढ़ें।




