लोहरदगा में शुक्रवार देर रात हुए एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार भाई और दो बहनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान लोहरदगा शहरी क्षेत्र के बरवाटोली निवासी मुकेश साहू के पुत्र रोहित कुमार साहू (28) तथा बेटियों सपना कुमारी (24) और सृष्टि कुमारी (14) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रोहित, सपना और सृष्टि एक ही स्कूटी से लोहरदगा-सेन्हा रोड स्थित कृषि मार्केट के पास तेली धर्मशाला में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सेन्हा की ओर से लोहरदगा आ रहे एक बॉक्साइट ट्रक ने मिशन चौक के पास उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक स्कूटी को कुछ दूर तक घसीटता ले गया, जिससे स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल तीनों को ट्रक के नीचे से निकालकर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। हादसा लोहरदगा-गुमला मुख्य मार्ग पर मिशन चौक के पास हुआ है। दोनों बहनों ने घटनास्थल पर ही तोड़ दिया दम
हालांकि हादसे के बाद ही सपना और सृष्टि की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल रोहित कुमार साहू को इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई। सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक रत्नेश मोहन ठाकुर ने बताया कि दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शवों को कब्जे में लेकर शनिवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


