Saturday, June 20, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

खगड़िया अगुवानी राका में 15 दिन में दूसरी चोरी:परबत्ता में बंद घर से लाखों के सामान पर हाथ साफ, ग्रामीणों परेशान


खगड़िया। परबत्ता थाना क्षेत्र के अगुवानी राका गांव में चोरों का आतंक बढ़ रहा है। महज 15 दिनों के भीतर गांव में दूसरी बड़ी चोरी की घटना सामने आई है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ताजा मामले में चोरों ने एक बंद पड़े घर को निशाना बनाया और लाखों रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली। जानकारी के अनुसार, अगुवानी राका निवासी स्वर्गीय कपिलेश्वर मिश्र के पुत्र कमलेश मिश्रा अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहते हैं। उनका पैतृक घर गांव में बंद था। शनिवार को जब कमलेश मिश्रा घर पहुंचे, तो उन्हें चोरी होने का पता चला। जांच के दौरान पाया गया कि घर की छत पर बने वेंटिलेटर की ईंटें हटाई गई थीं। आशंका है कि चोर इसी रास्ते घर के भीतर दाखिल हुए। घर के अंदर रखे बक्सों, ट्रंकों और अलमारियों के ताले टूटे हुए मिले। चोरों ने घर में रखे कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार के अनुसार, घर में रखे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और मूल्यवान सामान गायब हैं। चोरी गए सामानों का सही आकलन अभी किया जा रहा है। गौरतलब है कि इसी गांव में 5 जून को भी एक बड़ी चोरी की घटना हुई थी। उस वारदात में चोर नकदी, सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब 40 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ले गए थे। उस मामले का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। ऐसे में 15 दिनों के भीतर दूसरी बड़ी चोरी की घटना ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से गांव में रात्रि गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है। सूचना मिलने पर परबत्ता थाना की सब-इंस्पेक्टर निशा कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित परिवार का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परबत्ता थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। चोरी गए सामानों और हुई क्षति का आकलन किया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपितों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles