![]()
हजारीबाग जिले के बड़कागांव में गुरुवार को झारखंड के पूर्व मंत्री और बड़कागांव के पूर्व विधायक योगेंद्र साव तथा उनकी पत्नी निर्मला देवी को पगार ओपी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बताया गया कि उन्हें बाद में केरेडारी थाना ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार, योगेंद्र साव और निर्मला देवी पिछले कई दिनों से पगार स्थित एनटीपीसी की चट्टी बरियातू कोल खनन परियोजना के गेट पर धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। वे अपनी जमीन के मुआवजे और स्थानीय लोगों के अधिकारों की मांग को लेकर आंदोलनरत थे। धरना स्थल पर प्रशासनिक अधिकारियों और एनटीपीसी प्रबंधन के साथ उनकी कई बार नोकझोंक भी हुई थी। पुलिस ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से एहतियातन यह कार्रवाई की गई है। बड़कागांव की वर्तमान विधायक अंबा प्रसाद ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि उन्हें सूचना मिली है कि उनके माता-पिता को हिरासत में लिया गया है। अंबा प्रसाद ने कहा कि वह घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी हैं और पूरी जानकारी मिलने के बाद आगे की रणनीति तय करेंगी। नई दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी मुलाकात की थी उल्लेखनीय है कि योगेंद्र साव इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं से मिल चुके थे। हाल ही में उन्होंने नई दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी मुलाकात की थी, जिसका उद्देश्य जमीन मुआवजे के विवाद को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना था। योगेंद्र साव झारखंड की राजनीति में एक प्रमुख नेता माने जाते हैं। उनकी हिरासत के बाद जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। उनके समर्थकों में नाराजगी देखी जा रही है, जबकि प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है। फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है और आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।
पूर्व मंत्री योगेंद्र साव और उनकी पत्नी हिरासत में:एनटीपीसी परियोजना के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने की कार्रवाई, बैठे थे धरना पर
Date:




