Top 5 This Week

Related Posts

शॉर्ट सर्किट से बैंक ऑफ इंडिया शाखा में आग:कंप्यूटर, एसी जलकर राख; स्थानीय लोगों ने आग पर पाया काबू


बक्सर जिले के डुमरांव प्रखंड स्थित सोवा में बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में गुरुवार शाम आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस घटना में बैंक के कंप्यूटर, एसी और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख हो गए। शाम करीब सात बजे बैंक भवन से धुआं उठता देख आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। देखते ही देखते आग ने बैंक के अंदर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और बैंक अधिकारियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही कृष्णाब्रह्म थाना के सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बाद में अग्निशमन दल भी पहुंचा, लेकिन तब तक ग्रामीणों के सहयोग से आग काफी हद तक बुझाई जा चुकी थी। शाखा प्रबंधक तरुण कुमार ने बताया कि आग लगने से कंप्यूटर और कुछ महत्वपूर्ण कागजात को नुकसान हुआ है। हालांकि, बैंक में रखी नगदी पूरी तरह सुरक्षित है और कैश का कोई नुकसान नहीं हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए विद्युत उपकरणों की नियमित जांच और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया है।

Spread the love

Popular Articles