भागलपुर में लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार सुबह शहर में तेज हवा के साथ करीब 20 से 25 मिनट तक झमाझम बारिश हुई, जिससे पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और तेज बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग और बिहार कृषि विश्वविद्यालय (सबौर) के पूर्वानुमान के अनुसार, भागलपुर में मानसून के 17 जून के आसपास पहुंचने की संभावना थी। हालांकि, मानसूनी गतिविधियां जून के अंतिम सप्ताह में प्रभावी हुईं। बारिश के बाद शहर का तापमान गिर गया, जिससे लोगों ने राहत महसूस की। हालांकि, कई निचले इलाकों और सड़कों पर जलजमाव की स्थिति भी देखने को मिली। यह बारिश किसानों के लिए भी महत्वपूर्ण है। धान की रोपाई शुरू होने के साथ खेतों में नमी बढ़ने से खेती-किसानी को फायदा मिलने की उम्मीद है।
जिले में सामान्य से कम बारिश पिछले वर्ष जून में भी बारिश ने निराश किया था। जून 2025 में भागलपुर जिले में केवल 44.4 मिमी. वर्षा दर्ज की गई थी, जबकि जिले की सामान्य जून वर्षा 187.4 मिमी. है। यह सामान्य से लगभग 76 प्रतिशत कम बारिश थी, जिससे कृषि और जलस्रोत दोनों प्रभावित हुए थे। इस वर्ष भी 26 जून तक जिले में वर्षा सामान्य से कम बनी हुई थी। हालांकि, जून के अंतिम सप्ताह में मानसून सक्रिय होने के बाद अच्छी बारिश का सिलसिला शुरू हुआ है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवाओं और मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है।


