खास बातें
Humayun Kabir Police Case: पश्चिम बंगाल की राजनीति में बयानों के तीर मर्यादा की सीमा लांघ रहे हैं. मुर्शिदाबाद जिले के रेजीनगर में एक जनसभा के दौरान विवादित और भड़काऊ बयान देने के आरोप में आम जनता उन्नयन पार्टी (AIJUP) के प्रमुख और स्थानीय विधायक हुमायूं कबीर (Humayun Kabir) के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. भाजपा की युवा इकाई (भाजयुमो) द्वारा दर्ज करायी गयी लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने यह कानूनी कार्रवाई की है. भाजपा ने विधायक पर सार्वजनिक मंच से जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है.
शुभेंदु अपनी सीमा में रहें : हुमायूं कबीर
सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में विधायक हुमायूं कबीर को स्थानीय भाजपा नेतृत्व और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) पर तीखा हमला बोलते हुए सुना जा सकता है. कबीर ने हालिया चुनाव में पराजित भाजपा उम्मीदवार अनामिका घोष का नाम लेते हुए कहा- चुनाव हारने के बाद भी अनामिका घोष खुद को विधायक समझती हैं. यहां भाजपा के लोग ऐसे घूम रहे हैं, जैसे विधायक उन्हीं का हो. वे हर जगह आक्रामक और घमंड भरा प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.
Humayun Kabir Police Case: कबीर ने दिया था विवादित बयान
हुमायूं कबीर ने सीधे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को चेतावनी देते हुए कहा था- मैंने उस दिन भी शुभेंदु अधिकारी से कहा था- आपकी पार्टी चुनाव जीत गयी, ठीक है. लेकिन अपने लोगों से कहिए कि मुर्शिदाबाद में अपनी धौंस जमाना बंद करें. जिस दिन मैंने अपने समर्थकों और मुस्लिमों को एकजुट कर दिया और मैदान में उतर गया, उस दिन ऐसा करारा जवाब दूंगा कि इस जिले में भाजपा का झंडा उठाने वाला भी कोई नहीं बचेगा. कबीर के इस कथित बयान के बाद भाजपा ने उनके खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
भाजपा मेरे खिलाफ बोलेगी, तो मैं चुप रहूंगा? : विधायक
पुलिस केस (FIR) दर्ज होने के बाद जब हुमायूं कबीर से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने अपने रुख पर कायम रहते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी. कहा- अगर भाजपा के लोग लगातार मेरे और मेरी जनता के खिलाफ अपमानजनक और आपत्तिजनक बयानबाजी करेंगे, तो आप मुझसे क्या उम्मीद करते हैं? क्या मैं उनके ऐसे बयानों के सामने चुपचाप हाथ बांधकर बैठा रहूंगा?
इसे भी पढ़ें
हुमायूं कबीर ने ब्रिगेड परेड ग्राउंड का किया निरीक्षण
हुमायूं ने बढ़ायी अपनी सुरक्षा तैनात किये आठ निजी गार्ड भी
विधानसभा में अब तृणमूल विधायकों के साथ नहीं बैठ पायेंगे हुमायूं कबीर
Humayun Kabir : तृणमूल ने हुमायूं कबीर को 72 घंटे में कारण बताओ का फरमान किया जारी

