मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र के प्रहलादपुर गांव में 85 वर्षीय शांति देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने महिला के बेटे मधुसूदन शाही पर मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, मृतका के बेटे ने सभी आरोपों से इनकार किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। ग्रामीणों का आरोप है कि शांति देवी के बेटे मधुसूदन शाही और उनकी पत्नी लंबे समय से वृद्धा के साथ मारपीट करते थे और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। लोगों का कहना है कि कई बार उन्हें कई-कई दिनों तक भोजन भी नहीं दिया जाता था। मजबूरी में शांति देवी गांव और टोले के लोगों से भोजन मांगकर अपना गुजारा करती थीं। पर्याप्त भोजन नहीं मिलने के कारण उनकी शारीरिक स्थिति काफी कमजोर हो गई थी। रविवार को उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बेटे ने आरोपों को बताया बेबुनियाद मृतका के बेटे मधुसूदन शाही ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि रविवार को घर में सास और बहू के बीच मामूली विवाद हुआ था। उन्होंने दावा किया कि उनकी मां की हत्या नहीं की गई है। हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इस संबंध में वह कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके।
डीएसपी बोले- लिखित शिकायत नहीं, यूडी केस दर्ज होगा पूर्वी-2 के डीएसपी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया गया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर मौत को लेकर कई तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं, लेकिन अब तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। फिलहाल यूडी (अप्राकृतिक मृत्यु) का मामला दर्ज किया जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


