![]()
सीतामढ़ी जिले के सीमावर्ती भुतही थाना को अब एक नया और अत्याधुनिक मॉडल भवन मिल गया है। बुधवार को परिहार की विधायक गायत्री देवी और पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इसका विधिवत उद्घाटन किया। इसके साथ ही भुतही थाने ने अपने नए परिसर से कामकाज शुरू कर दिया है। उद्घाटन के बाद एसपी अमित रंजन और विधायक गायत्री देवी ने पूरे थाना परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय, रिकॉर्ड रूम, हवालात और आगंतुक कक्ष सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को बेहतर पुलिसिंग के साथ-साथ आम लोगों के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए गए। सुविधाजनक माहौल में अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा इस अवसर पर एसपी अमित रंजन ने बताया कि अब तक भुतही थाना एक सरकारी अस्पताल के भवन में संचालित हो रहा था, जिससे पुलिस कार्यों में कई व्यावहारिक दिक्कतें आती थीं। उन्होंने कहा कि नए मॉडल थाना भवन से पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा। वहीं, फरियाद लेकर आने वाले लोगों को भी व्यवस्थित और सुविधाजनक माहौल में अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा। एसपी ने आगे कहा कि आधुनिक संसाधनों से लैस यह भवन पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और जवानों के अलावा जनप्रतिनिधि, स्थानीय बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। उद्घाटन को लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा गया।

