![]()
दरभंगा के लहेरियासराय थाना क्षेत्र के वीआईपी रोड पर बुधवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने एक वृद्ध महिला को निशाना बनाते हुए उनसे 16 हजार रुपये और सोने का टॉप्स लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने महिला के कान से जबरन टॉप्स खींच लिया, जिससे उनका कान जख्मी हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश बाइक से लहेरियासराय टावर की ओर फरार हो गए। पीड़िता रहमगंज बैंकर्स कॉलोनी निवासी सीताराम पासवान की 64 साल की पत्नी उर्मिला देवी हैं,जो डीएमसीएच की सेवानिवृत्त कर्मी हैं। पीड़िता ने बताया कि वह बेंता स्थित Central Bank of India की शाखा से अपनी पेंशन के 16 हजार रुपये निकालकर घर लौट रही थीं। भीषण गर्मी और तेज धूप के कारण वह वीआईपी रोड किनारे एक दुकान के पास बैठ गईं।इसी दौरान दो युवक उनके पास आकर बैठ गए और जान से मारने की धमकी देते हुए रुपये एवं कान का टॉप्स मांगने लगे। उर्मिला देवी ने बताया कि डर के कारण उन्होंने एक टॉप्स और रुपये बदमाशों को दे दिए, लेकिन दूसरा टॉप्स नहीं निकलने पर बदमाशों ने उसे जबरन खींच लिया। इस दौरान उनका कान जख्मी हो गया। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस पीड़िता के पुत्र बेटे पासवान ने बताया कि उनकी मां बैंक से पेंशन निकालकर लौट रही थीं। बैंक से ही दो युवक उनका पीछा कर रहे थे। धूप लगने के कारण जब वह सड़क किनारे बैठीं तो बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया और कान से सोने का टॉप्स भी झपट लिया। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के आसपास कई सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन घटना के समय किसी ने उनकी मां की मदद नहीं की। घटना के बाद परिजन लहेरियासराय थाना पहुंचे और लिखित आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

