![]()
अरवल जिले के प्रसिद्ध मोथा सूर्य मंदिर में एक प्रेमी जोड़े ने परिजनों की असहमति के बावजूद हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया। मंदिर प्रशासन की देखरेख में दोनों ने सात फेरे लिए और एक-दूसरे को जीवनसाथी चुना। दूल्हा रविंद्र कुमार (22 वर्ष) पटना जिले के पालीगंज प्रखंड के ठाकुरी गांव का निवासी है, जबकि दुल्हन सुषमा कुमारी (20 वर्ष) भोजपुर जिले के अजीमाबाद थाना क्षेत्र के बरहमपुर गांव की रहने वाली है। दोनों की मुलाकात कुछ साल पहले एक रिश्तेदारी में आने-जाने के दौरान हुई थी, जिसके बाद उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। प्रेमी युगल ने बताया कि वे कई वर्षों से एक-दूसरे से प्रेम करते हैं, लेकिन उनके परिवार इस शादी के लिए तैयार नहीं थे। ऐसे में उन्होंने भगवान भास्कर को साक्षी मानकर जीवनभर साथ निभाने का फैसला किया। मंदिर पहुंचने पर, मंदिर प्रशासन ने सबसे पहले दोनों के बालिग होने की पुष्टि के लिए उनके आधार कार्ड की जांच की और परिवार के बारे में जानकारी ली। पुष्टि होने के बाद, मंदिर प्रशासन की देखरेख में पूरे हिंदू रीति-रिवाज के साथ विवाह संपन्न हुआ। युवक ने प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी जीवनसंगिनी बनाया। इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद लोगों ने नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं। मोथा सूर्य मंदिर में हुए इस प्रेम विवाह की घटना अब इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

