![]()
नालंदा के बिंद थाना क्षेत्र में 25 अप्रैल को अपराधियों ने राहुल कुमार की हत्या कर दी थी। शादी के छह दिन बाद ही मौत के घाट उतार दिया। सिर में पीछे से गोली मारी गई थी। मृतक के पिता मुकेश कुमार ने पुलिस की जांच पर सवाल खड़े किए हैं। सदरपुर गांव के ही कुछ लोग राहुल को घर से बुलाकर ले गए थे और जिराइन नदी के पास ले जाकर उसके सिर में पीछे से गोली मार दी। घटना के अगले दिन शव खून से लथपथ मिला था। शुरुआती जांच में मछली मारने को लेकर हुए पुराने विवाद को इस हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। जांच पर उठाए सवाल पिता ने भावुक होते हुए कहा कि नामजद दो आरोपियों में से एक को तो पुलिस ने गिरफ्तार कर बिना ठोस पूछताछ के ही जेल भेज दिया, लेकिन दूसरा आरोपी आज भी खुलेआम घूम रहा है। पुलिस टीम घटना के बाद से गांव में जांच के लिए नहीं पहुंची है। सुरक्षा की गुहार लगाने पर भी टालमटोल किया जाता है। ‘गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है’ वहीं, इस संबंध में बिंद थानाध्यक्ष मुरली आजाद ने सफाई देते हुए कहा कि पुलिस मामले को लेकर गंभीर है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कोर्ट से वारंट प्राप्त करने की प्रक्रिया चल रही है। जैसे ही वारंट मिलेगा, इश्तेहार चस्पा किया जाएगा। उसके बाद भी आरोपी के आत्मसमर्पण न करने पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस उसे पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। शादी के बाद घर में पसरा मातम राहुल की हत्या ने न केवल एक परिवार का इकलौता सहारा छीना है, बल्कि 20 अप्रैल को हुई उसकी शादी की खुशियों को भी मातम में बदल दिया है। दुल्हन जूही कुमारी के हाथों की मेहंदी का रंग अभी फीका भी नहीं पड़ा था कि उसे पति की अर्थी देखनी पड़ी। मां पुष्पा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में इस बात को लेकर आक्रोश और दुख है कि एक मिलनसार युवक की जान लेने के बाद भी मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
