![]()
कोडरमा के नवलशाही थाना क्षेत्र अंतर्गत कोडरमा-गिरिडीह रेलखंड पर नवादा रेलवे पुल के नीचे रेलवे ट्रैक पर एक युवती का शव पड़ा मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रात करीब 8 बजे हटिया-आसनसोल इंटरसिटी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13514) इस रेलखंड से गुजर रही थी। उसी दौरान युवती ट्रेन की चपेट में आ गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोको पायलट ने दी सूचना घटना के तुरंत बाद ट्रेन के लोको पायलट ने धनबाद रेलवे विभाग को इसकी सूचना दी। लोको पायलट के अनुसार, नवादा रेलवे पुल के पास अचानक एक युवती ट्रैक के बीच आ गई। जिससे टक्कर हो गई और हादसा हो गया। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने नजदीकी स्टेशन और नवलशाही थाना पुलिस को अलर्ट किया। इसके बाद नवलशाही पुलिस और रेलवे के ट्रैक मैन मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू की। आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया। पहचान नहीं हो सकी, पुलिस जांच में जुटी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन उसकी उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस आसपास के गांवों और थानों में गुमशुदगी की जानकारी खंगाल रही है, ताकि शव की शिनाख्त हो सके। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

