![]()
औरंगाबाद बुधवार को मजदूर की लाश उसके घर के पीछे नाले से बरामद हुई है। मृतक काहू भुईंया के बेटे जितन भुईंया (41) के रूप में हुई है। परिजन का कहना है कि मंगलवार देर शाम मजदूरी कर घर लौटने के दौरान उनका पैर फिसल गया होगा। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चलेगा। परिजन का कहना है कि जितन भुईंया घर नहीं लौटे तो हमलोग उनकी खोजबीन करने लगे थे। रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में काफी खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह गांव के कुछ लोग शौच के लिए घर के पीछे स्थित नाले की ओर गए तो जलकुंभी के बीच एक पैर दिखाई दिया। मामला ओबरा प्रखंड की रतनपुर पंचायत अंतर्गत कंचन बिगहा-अतरौली गांव का है। घर की पूरी जिम्मेदारी थी जितन भुईंया मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके निधन से परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। वह अपने पीछे पत्नी मेतरी देवी, माता झकसी देवी, 2 बेटे और 2 बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। एक बेटे और एक बेटी की शादी कर चुके। घर की पूरी जिम्मेदारी जितन के कंधों पर थी। उनकी असामयिक मौत के बाद पत्नी, मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे रहे। पुलिस को पोस्टमॉर्टम का इंतजार ओबरा थाना अध्यक्ष नीतीश कुमार एवं अपर थाना अध्यक्ष कुणाल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। थाना अध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। घटनास्थल पर पंचायत समिति सदस्य ओमप्रकाश यादव, सरपंच प्रतिनिधि संतोष कुमार शर्मा, मोहम्मद मुश्ताक, अरविंद भुईंया, पंजाबी भुईंया, सुनील पासवान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

