
बांका से मदन कुमार की रिपोर्ट
RTPS Ranking: बांका जिले के लिए यह एक बड़ी प्रशासनिक और सामाजिक उपलब्धि मानी जा रही है. आरटीपीएस (Right to Public Services) के तहत आम नागरिकों को समय पर सरकारी सेवाएं मुहैया कराने के मामले में बांका बिहार का सबसे सर्वश्रेष्ठ जिला बनकर उभरा है. इस ऐतिहासिक सफलता का सीधा श्रेय जिलाधिकारी (DM) अंशुल अग्रवाल के प्रभावी नेतृत्व, कड़े अनुश्रवण और जवाबदेह कार्यशैली को दिया जा रहा है.
डीएम अंशुल अग्रवाल की मॉनिटरिंग लाई रंग
जिला प्रशासन के अनुसार, डीएम अंशुल अग्रवाल ने पदभार संभालने के बाद से ही लोक सेवाओं की प्रदायगी को अधिक पारदर्शी, सरल और समयबद्ध बनाने पर विशेष जोर दिया. उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रही कि जाति, आवासीय, आय, राशन कार्ड जैसी बुनियादी प्रशासनिक सेवाओं के लिए किसी भी पात्र नागरिक को अनावश्यक रूप से दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही उन्हें गुणवत्तापूर्ण प्रमाण पत्र मिल जाएं.
लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर हुई सख्त कार्रवाई
इस उच्च रैंकिंग को बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी स्वयं नियमित रूप से संबंधित प्रखंडों, अंचलों और विभागों के अधिकारियों व कंप्यूटर ऑपरेटरों के साथ समीक्षा बैठकें करते रहे हैं. जिला मुख्यालय से लेकर सुदूर ग्रामीण इलाकों के लोक सेवा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया. आवेदनों की पेंडेंसी (लंबित मामलों) को शून्य करने के लिए विशेष अभियान चलाए गए और काम में कोताही या लापरवाही बरतने वाले दोषी कर्मियों के खिलाफ आरटीपीएस अधिनियम के कड़े प्रावधानों के तहत दंडात्मक कार्रवाई कर जवाबदेही तय की गई.
पूरी टीम के समर्पित प्रयास से मिली सफलता
इस बड़ी कामयाबी में जिले की पूरी प्रशासनिक टीम का अहम योगदान रहा है. जिलाधिकारी के कुशल मार्गदर्शन के साथ-साथ अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला आईटी प्रबंधक प्रमोद चौधरी, विभिन्न विभागों के नोडल पदाधिकारी, आईटी सहायक, कार्यपालक सहायक तथा सभी प्रखंडों के आरटीपीएस केंद्रों पर तैनात कर्मियों की सक्रिय भूमिका और दिन-रात की समर्पित कार्यशैली से ही बांका इस मुकाम पर पहुंच सका है.
RTPS Ranking: आम जनता के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है यह रैंकिंग
जिला प्रशासन ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करना केवल एक प्रशासनिक रिकॉर्ड मात्र नहीं है, बल्कि यह बांका की आम जनता के बढ़ते विश्वास, उपभोक्ता संतुष्टि और धरातल पर सुशासन के प्रति प्रशासन की सच्ची प्रतिबद्धता का सबसे बड़ा प्रमाण है. अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि यह रैंकिंग भविष्य में भी आम लोगों को और अधिक पारदर्शी, त्वरित और बेहतर जनसेवा देने के लिए पूरे जिले को लगातार प्रेरित करती रहेगी.
Also Read: बिहार के 24 जिलों में आज गरज-चमक के साथ होगी तेज बारिश, 50 KMPH की रफ्तार से हवा चलने की संभावना


