![]()
जमशेदपुर पुलिस ने नकली सिगरेट के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने लगभग 39 लाख रुपए मूल्य की 45,600 पैकेट डुप्लीकेट सिगरेट बरामद की है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन कथित संचालक अभी भी फरार हैं। सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि नकली सिगरेट शहर की विभिन्न दुकानों में सप्लाई की जा रही थी। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर, पुलिस अधीक्षक (नगर) के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर-17 स्थित केरला पब्लिक स्कूल के पीछे ग्राहक बनकर जाल बिछाया। इसी दौरान, स्कूटी से नकली सिगरेट की खेप लेकर पहुंचे उवैद अंसारी और एहतेशाम शमीम नामक दो युवकों को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। आरोपियों की तलाशी के दौरान उनके पास से 500 पैकेट नकली सिगरेट और एक स्कूटी बरामद की गई। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे कपाली के इस्लामनगर स्थित एक गोदाम से नकली सिगरेट लाकर शहर की अलग-अलग दुकानों में सप्लाई करते थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गोदाम में छापेमारी की। वहां 19 प्लास्टिक के बोरों में रखे 45,600 पैकेट डुप्लीकेट सिगरेट बरामद किए गए। जब्त सिगरेट की अनुमानित कीमत करीब 39 लाख रुपए बताई गई है। गोदाम के संचालक वली आजम, शहनवाज दानिश और एस.के. परवेज फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

