
Bengal News : बैरकपुर. उत्तर 24 परगना के सोदपुर के फ्यूचर गेट इलाके में बुधवार सुबह पति ने सरेआम सड़क पर पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी और फिर खुद का गला रेत लिया. घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी. खड़दह थाने की पुलिस दोनों को अस्पताल ले गयी, जहां गीता दास (40) को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि आरोपी पति सुभाष दास (45) की हालत गंभीर बनी हुई है.
2020 में हुई थी शादी, है एक बच्चा भी
पुलिस के अनुसार, दोनों की शादी 2020 में हुई थी और उनका एक बच्चा है. जांच में पता चला है कि सुभाष ने अपनी पहली शादी की बात गीता से छिपायी थी. इसका पता चलने के बाद दोनों के बीच लगातार विवाद होने लगा और गीता अधिकतर समय अपने मायके में रहने लगी थी.
विवाद होने के बाद किया हमला
बुधवार सुबह स्कूल रोड पर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ. इसी दौरान सुभाष ने चाकू निकालकर गीता के गले पर वार कर दिया. लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने चाकू लहराकर उन्हें पीछे हटा दिया. इसके बाद उसने खुद का भी गला रेत लिया. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू जब्त कर लिया है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, हालांकि वह अस्पताल में भर्ती है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
क्या कहना है पुलिस का
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पहली शादी की बात छिपाने को लेकर दंपती के बीच विवाद होने की जानकारी मिली है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी चाकू पहले से हत्या की नीयत से लेकर आया था या नहीं. मामले में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है. घटना के बाद बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी कार्तिक चंद्र मंडल समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू जब्त कर लिया है.

