![]()
जमुई के कृत्यानंद उच्च विद्यालय के दसवीं कक्षा के छात्र आयुष कुमार का चयन केंद्र सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आयोजित इंस्पायर मानक अवार्ड प्रदर्शनी के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन के लिए हुआ है। आयुष ने एक उपयोगी बाइक टोइंग टूल विकसित किया है। बिहार से चुने गए 27 छात्रों में जमुई से आयुष एकमात्र विद्यार्थी हैं। आयुष द्वारा बनाया गया यह उपकरण सड़क पर खराब हुई बाइक या कार को सुरक्षित तरीके से एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने में सहायक होगा। उनका मानना है कि यह उपकरण न केवल वाहन चालकों की परेशानी कम करेगा, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी उपयोगी साबित होगा। आयुष ने बताया कि उन्होंने यह टोइंग टूल घरेलू सामानों का उपयोग करके स्वयं डिजाइन किया है। ठेले वाले की मुश्किल देख मिली प्रेरणा आयुष ने बताया कि उन्हें यह उपकरण बनाने की प्रेरणा एक घटना से मिली। एक दिन फ्लाईओवर पुल से गुजरते समय उन्होंने एक बुजुर्ग को अपने ठेले को चढ़ाई पर ले जाने के लिए संघर्ष करते देखा। कई बाइक सवारों से मदद मांगने पर भी उचित संसाधन न होने के कारण कोई उनकी सहायता नहीं कर सका। इस घटना ने उन्हें ऐसा उपकरण बनाने के लिए प्रेरित किया, जिससे जरूरत पड़ने पर किसी भी खराब वाहन या भारी सामान को आसानी से सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया जा सके। आयुष ने बताया कि इंस्पायर अवार्ड कक्षा 8 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है। इसका उद्देश्य बच्चों में विज्ञान, नवाचार और शोध के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें नए आविष्कार करने के लिए प्रोत्साहित करना है। विद्यार्थी अपने नवाचार करते है प्रस्तुत विद्यालय की विज्ञान शिक्षिका शोभा सिंह ने बताया कि इंस्पायर मानक योजना के तहत विद्यार्थी अपने नवाचार प्रस्तुत करते हैं, और चयन प्रक्रिया जिला स्तर से शुरू होकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचती है। आयुष का राष्ट्रीय स्तर पर चयन होना पूरे जिले और राज्य के लिए गर्व की बात है। आयुष की इस उपलब्धि से विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं,सहपाठियों और परिजनों में खुशी का माहौल है। आयुष की इस उपलब्धि से विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं,सहपाठियों और परिजनों में खुशी का माहौल है।


