![]()
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने बिहार में संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज करते हुए सीमांचल में बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है। पार्टी ने सीमांचल के सभी जिलों में जिला अध्यक्षों की नई नियुक्ति की है। इसी क्रम में प्राणपुर विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी आफताब आलम को कटिहार जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति की घोषणा पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की। इस निर्णय के बाद कटिहार जिले के पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। नेताओं ने इसे संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। पार्टी नेतृत्व का जताया आभार जिला अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद आफताब आलम ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी, बिहार प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान, राष्ट्रीय प्रवक्ता एडवोकेट आदिल हसन तथा पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जवाबदेही भी है। बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर रहेगा फोकस आफताब आलम ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता कटिहार जिले में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना होगी। इसके लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा और गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाकर पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के सहयोग और जनता के समर्थन से एआईएमआईएम कटिहार में अपनी राजनीतिक उपस्थिति को और अधिक मजबूत करेगी। ‘पूरी निष्ठा से निभाऊंगा जिम्मेदारी’ नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। संगठन विस्तार के लिए लगातार सदस्यता अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रम चलाए जाएंगे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर आफताब आलम की नियुक्ति के बाद जिले के पार्टी नेताओं और समर्थकों ने उन्हें बधाई दी। कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आने वाले समय में पार्टी की राजनीतिक गतिविधियां और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे।
