![]()
सीवान में गुरुवार को सांप के डसने से महिला की मौत हो गई। घटना आन्दर थाना क्षेत्र के जयजोर गांव की है। मृतका की पहचान कृष्ण सिंह की पत्नी मीरा देवी(60) के रूप में हुई है। परिजन ने आन्दर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर समय पर समुचित इलाज न मिलने का आरोप लगाते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। परिजन के अनुसार, मीरा देवी गुरुवार को अपने घर में रखा सामान निकालने गई थीं। इसी दौरान वहां छिपे एक जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। सांप के काटने के बाद उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल इलाज के लिए आन्दर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। स्वास्थ्य केंद्र में महिला की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन तब तक जहर पूरे शरीर में फैल चुका था, जिसके कारण उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। अस्पताल में इंजेक्शन की कमी के कारण इलाज में लेट परिजनों ने आरोप लगाया है कि यदि आन्दर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में समय पर एंटी-स्नेक वेनम इंजेक्शन और अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होतीं, तो मीरा देवी की जान बचाई जा सकती थी। उनका कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र में पर्याप्त संसाधनों की कमी के कारण इलाज में देरी हुई, जिसका खामियाजा भुगतना पड़ा। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने भी ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी-स्नेक वेनम सहित आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में जिले के ग्रामीण इलाकों में सांप काटने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, ऐसे में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को पूरी तरह तैयार रखना बेहद जरूरी है।

