![]()
जमुई के सिकंदरा थाना क्षेत्र के चारण गांव में 19 वर्षीय विवाहिता प्रीति कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष इसे फांसी लगाकर आत्महत्या का मामला बता रहा है, जबकि मायके वालों ने हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान अमित राम की पत्नी प्रीति कुमारी के रूप में हुई है। बताया गया कि प्रीति ने लगभग दो साल पहले गांव के ही अमित राम से प्रेम विवाह किया था। यह अंतरजातीय विवाह होने के कारण लड़की के परिजनों ने शुरुआत में इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया था। विवाह के बाद दोनों परिवारों के बीच बातचीत लगभग बंद हो गई थी और प्रीति का मायके से संपर्क भी काफी कम हो गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार, अमित रोजी-रोटी के सिलसिले में कुछ दिन पहले पुणे चला गया था। गुरुवार रात पति-पत्नी के बीच फोन पर बातचीत भी हुई थी। शुक्रवार सुबह प्रीति के फांसी लगाने की सूचना मिली। पुलिस के पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने महिला को फंदे से उतारकर सिकंदरा अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिकंदरा थाना अध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर जान देने का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इधर, मृतका के चाचा सतीश कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी भतीजी की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि प्रीति के गले पर निशान थे और उसकी नाइटी पर खून के धब्बे भी दिखाई दे रहे थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए हैं। मृतका के मामा ने भी हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि घटनास्थल की स्थिति फांसी की कहानी से मेल नहीं खाती। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रीति के शरीर से कुछ जेवर भी गायब थे और पिछले छह महीने से दहेज को लेकर उसके साथ मारपीट की जा रही थी।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों की जांच कर रही है। मामले में जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या है या हत्या।
