![]()
सहरसा जिले के सोनवर्षा राज प्रखंड अंतर्गत मोकमा गांव की एक महिला की सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। इस हादसे में महिला का इकलौता बेटा भी घायल हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है। एक पैर और हाथ से लाचार जख्मी बेटे ने मां को मुखाग्नि दिया। जानकारी के अनुसार, मोकमा गांव निवासी बेचन यादव की 35 वर्षीय पत्नी मीरा देवी बीते 9 जुलाई गुरुवार को अपने 18 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार के साथ मायके बलुआ मोहनपुर से मोटरसाइकिल पर घर लौट रही थीं। इसी दौरान पतरघट प्रखंड के किशनपुर गांव स्थित नहर के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार अपाचे मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। मधेपुरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया
टक्कर इतनी भीषण थी कि मां-बेटा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मीरा देवी के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि पुत्र नीतीश कुमार का एक पैर और हाथ फ्रैक्चर हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पस्तपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए पतरघट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को मधेपुरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मधेपुरा में भी हालत नाजुक बनी रहने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए नेपाल स्थित विराटपुर के गोल्डन अस्पताल भेजा गया। परिवार को सहायता उपलब्ध कराने की अपील
वहां इलाज के दौरान शुक्रवार को मीरा देवी ने दम तोड़ दिया। उनकी मृत्यु की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में दुख का माहौल छा गया। शनिवार को अंतिम संस्कार के दौरान घायल इकलौते बेटे नीतीश कुमार ने परिजनों के सहारे अपनी मां को मुखाग्नि दी। मीरा देवी अपने पीछे पति बेचन यादव, एक पुत्र और दो पुत्रियों का परिवार छोड़ गई हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने और शोक संतप्त परिवार को सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।


