![]()
भास्कर न्यूज |गिरिडीह जिले में मानसून के सक्रिय होते ही खरीफ फसलों की बुआई और धान की रोपाई शुरू हो गई है। पर्याप्त बारिश के बाद जिले के सभी 13 प्रखंडों में किसान खेतों की तैयारी के साथ धान, मक्का, अरहर, उड़द, मूंग, कुल्थी, बाजरा, ज्वार और रागी (मड़ुवा) सहित अन्य मोटे अनाजों की खेती में जुट गए हैं। कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, धान की सीधी बुआई के साथ-साथ अन्य खरीफ फसलों की बुआई भी तेजी से आगे बढ़ रही है। मौसम अनुकूल रहने पर आने वाले दिनों में कृषि कार्यों में और तेजी आने की उम्मीद है। मामले में जिला कृषि पदाधिकारी आशुतोष तिवारी ने बताया कि विभाग लगातार किसानों को तकनीकी सलाह, गुणवत्तापूर्ण बीज और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे बेहतर उत्पादन के लिए वैज्ञानिक विधि से खेती करें और विभाग द्वारा जारी सलाह का पालन करें। विभाग का प्रयास है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी खरीफ फसलों का लक्ष्य पूरा कर लिया जाए। जिले में फसलवार बुआई की स्थिति : 10 जुलाई तक का आधिकारिक आंकड़ा धान की रोपाई: कुल 88,000 हेक्टेयर लक्ष्य – 5.9% काम पूरा मक्का की बुआई: कुल 21,300 हेक्टेयर लक्ष्य- 34.2% काम पूरा, दलहन की खेती: कुल 19,381 हेक्टेयर लक्ष्य -11.7% काम पूरा,मोटे अनाज की बुआई: कुल 1,810 हेक्टेयर लक्ष्य- 29.4% काम पूरा,तेलहन की बुआई: कुल 1,090 हेक्टेयर लक्ष्य- 6.6% काम पूरा


