मुजफ्फरपुर36 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

सीएम के दौरे को लेकर तैयारियों में जुटे अधिकारी।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एक दिवसीय दौरे पर आज मुजफ्फरपुर पहुंचेंगे। इस दौरान 1047 करोड़ रुपए की लागत से तैयार 981 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। मुख्य कार्यक्रम एमआईटी परिसर में आयोजित होगा, जहां वे जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
वहीं, शहर की बहुप्रतीक्षित सिकंदरपुर मरीन ड्राइव लेक-1, लेक-2 और लेक-3 का भी लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है और शहर के कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।

मरीन ड्राइव लेक-1 का होगा उद्घाटन।
1047 करोड़ की 981 योजनाओं की मिलेगी सौगात
मुख्यमंत्री के हाथों जिन योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास होगा, उनमें शहरी विकास, आधारभूत संरचना, पेयजल, सड़क, जनसुविधा और नगर विकास विभाग की कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। इन योजनाओं से मुजफ्फरपुर समेत पूरे उत्तर बिहार के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री सिकंदरपुर स्थित बहुप्रतीक्षित मरीन ड्राइव लेक-1, लेक-2 और लेक-3 का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा नगर विकास एवं आवास विभाग तथा बुडको की कई परियोजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। एमआईटी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण करने के साथ योजनाओं के लाभुकों को लाभ भी वितरित करेंगे।
शहर में रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर मुजफ्फरपुर पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। कार्यक्रम के दौरान सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक कई मार्गों पर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
पार्किंग व्यवस्था
बसों की पार्किंग सिकंदरपुर स्टेडियम में होगी।
वीआईपी वाहनों की पार्किंग एमआईटी गेट संख्या-1 के अंदर निर्धारित मैदान में रहेगी।
आम वाहनों की पार्किंग सीपीडब्ल्यूडी मैदान (ग्रामीण एसपी आवास के समीप) में की गई है।
आवश्यकता पड़ने पर झिटकियां रोड और मार्बल गली में भी अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

तैयारियों की समीक्षा के लिए पहुंचे अधिकारी।
इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
दादर पुलिस लाइन चौक से लक्ष्मी चौक जाने वाला मार्ग।
लक्ष्मी चौक से पुलिस लाइन की ओर जाने वाला मार्ग।
रानी सती मंदिर (सिकंदरपुर चौक) से सिकंदरपुर स्टेडियम जाने वाला मार्ग।
कर्बला चौक से सिकंदरपुर स्टेडियम जाने वाला मार्ग।
हालांकि एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और अन्य आपातकालीन सेवाओं को निर्बाध आवागमन की अनुमति रहेगी। परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड दिखाकर आवश्यकतानुसार संबंधित मार्ग से आवागमन कर सकेंगे।
सोशल मीडिया पर भी रहेगी पुलिस की नजर
मुजफ्फरपुर पुलिस ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान साइबर सेल और सोशल मीडिया सेल विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना सत्यापन के किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट साझा न करें। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिलाधिकारी कुमार गौरव, वरीय पुलिस अधीक्षक सहित जिला प्रशासन के सभी अधिकारी लगातार तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
यह रहेगा मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
11:10 बजे – पटना स्टेट हैंगर से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान।
11:35 बजे – मुजफ्फरपुर पुलिस लाइन हेलीपैड पर आगमन।
11:37 बजे – गार्ड ऑफ ऑनर।
11:40 बजे – सड़क मार्ग से सिकंदरपुर लेक फ्रंट के लिए प्रस्थान।
11:45 बजे – सिकंदरपुर लेक फ्रंट पहुंचकर योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास।
11:55 बजे – एमआईटी परिसर के लिए प्रस्थान।
12:00 बजे – एमआईटी कार्यक्रम स्थल पर आगमन एवं विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण।ट
12:10 बजे – दीप प्रज्ज्वलन और कार्यक्रम का शुभारंभ।
12:20 बजे – नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव का स्वागत भाषण।
12:25 बजे – योजनाओं के लाभुकों को लाभ वितरण।
12:35 बजे – विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास।
12:40 बजे – मुख्यमंत्री का संबोधन।
01:05 बजे – कार्यक्रम का समापन।
01:10 बजे – पुलिस लाइन हेलीपैड के लिए प्रस्थान।
करीब 01:15 बजे – हेलीकॉप्टर से पटना रवाना।

